Lucknow City

ग्रीन कॉरिडोर के नीचे बनेगा ‘स्पोर्ट्स हब’, लखनऊ को मिलेंगी नई खेल सुविधाएं

स्पोर्ट्स एरीना में बैडमिंटन, बास्केटबॉल, टेनिस, पिकेल बॉल और बॉक्स क्रिकेट जैसी सुविधाएं होंगी, उर्मिला वन के पास बनेगी स्लिप रोड, खाटू श्याम मंदिर के पास बनेगी पार्किंग और रोटरी पर स्कल्पचर्स, मीडियन पर पौधे लगेंगे

लखनऊ, 11 फरवरी 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में जल्द ही खेल और फिटनेस के शौकीनों के लिए नई सौगात मिलने जा रही है। समतामूलक चौक से डालीगंज पुल तक बन रहे ग्रीन कॉरिडोर के नीचे तीन प्रमुख स्थानों पर आधुनिक स्पोर्ट्स एरीना विकसित किए जाएंगे। इन एरिनाज में बैडमिंटन, बास्केटबॉल, टेनिस, पिकेल बॉल और बॉक्स क्रिकेट जैसी सुविधाएं होंगी। इसके साथ ही बच्चों के लिए किड्स प्ले-एरिया और युवाओं के लिए ओपन जिम की व्यवस्था भी की जाएगी।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने ग्रीन कॉरिडोर का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को इस बारे में निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि निशातगंज पुल, हनुमान सेतु और डालीगंज पुल के पास ग्रीन कॉरिडोर के नीचे पर्याप्त खाली स्थान उपलब्ध है। उसे नागरिकों के मनोरंजन और खेल गतिविधियों के लिए उपयोग में लाया जाएगा। इससे न सिर्फ शहरी क्षेत्रों में खेल के अवसर बढ़ेंगे बल्कि युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरणा भी मिलेगी।

86e1528f-2a7a-4fe0-8583-44d074c39eb6

एलडीए द्वारा हाल ही में गोमतीनगर के ग्वारी फ्लाईओवर के नीचे विकसित स्पोर्ट्स एरीना को लोगों से अच्छा रिस्पांस मिला है। उसी मॉडल पर ग्रीन कॉरिडोर के नीचे भी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यह पूरा कॉरिडोर इस माह लोकार्पण के बाद नागरिकों के आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने नवनिर्मित चौराहों पर आकर्षक स्कल्पचर लगाने और मीडियन पर पौधरोपण कराने के निर्देश दिए। निशातगंज से हनुमान सेतु के बीच सड़क चौड़ीकरण के साथ डबल आर्म स्ट्रीट लाइट्स लगाने की योजना है। इससे रात के समय रोशनी और सुरक्षा दोनों बेहतर होंगी।

खाटू श्याम मंदिर के पास सड़क पर पार्किंग और अस्थायी दुकानों से हो रहे अतिक्रमण को देखते हुए मंदिर परिसर के निकट पार्किंग और वेंडिंग जोन विकसित करने के निर्देश भी दिए गए जिससे यातायात सुचारु रहे। वहीं कुकरैल नदी के पास विकसित हो रहे उर्मिला वन और रिवर फ्रंट को जोड़ने के लिए स्लिप रोड बनाने की योजना से क्षेत्र की कनेक्टिविटी और उपयोगिता और बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button