एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 12 नवंबर 2025:
यूपी की राजधानी लखनऊ के नगराम क्षेत्र में बुधवार को अब्बासनगर मार्ग स्थित एक पटाखा गोदाम में अचानक भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई। विस्फोट के चलते गोदाम के ऊपर लगी टिनशेड उड़ गया और आसपास का इलाका दहशत में आ गया। इस हादसे में तीन लोगों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक गोदाम के बगल के खेत में पराली जलाई गई थी। संभावना है कि वहीं से उठी चिंगारी गोदाम तक पहुंच गई, जिससे पटाखों में आग लग गई और विस्फोट हुआ। सूचना मिलने पर डीसीपी निपुण अग्रवाल और एसीपी मोहनलालगंज विकास पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

The ho halla को मिली जानकारी के मुताबिक नगराम निवासी इशरत अली के पास पटाखे बनाने का लाइसेंस है। उन्होंने नगराम–अब्बासनगर मार्ग पर टिनशेड के नीचे गोदाम बना रखा है। उसमें बड़ी मात्रा में पटाखे, अनार और अन्य विस्फोटक सामग्री रखी हुई थी। गोदाम के आसपास धान की फसल खड़ी थी और कुछ खेतों में पराली पड़ी हुई थी। बताया जा रहा है कि किसान राजाराम के खेत में बुधवार सुबह पराली जलाई गई थी, जिसकी चिंगारी गोदाम तक पहुंच गई।
डीसीपी निपुण अग्रवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पराली की आग से पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट होने की बात सामने आई है। किसी व्यक्ति को नुकसान की सूचना नहीं है। अभी जांच जारी है।
वहीं, घटना के बाद से पटाखा व्यवसायी इशरत अली और उनकी पत्नी मौके से लापता हैं। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि दोनों विस्फोट में घायल हुए हैं और कार्रवाई के डर से किसी निजी अस्पताल में उपचार करा रहे हैं। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।







