Sports

T20 World Cup : वेस्टइंडीज की बड़ी जीत से बदला समीकरण, आज इंग्लैंड व पाकिस्तान की टक्कर

हेटमायर के तूफान से जिम्बाब्वे पस्त, आज शाम को सुपर-8 में टॉप पोजिशन के लिए भिड़ेंगी इंग्लैंड और पाकिस्तान, सेमीफ़ाइनल की रेस में भरा थ्रिल

स्पोर्ट्स डेस्क, 24 फरवरी 2026:

T20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 चरण में बेहद अहम मोड़ पर पहुंच गया है। एक ओर वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को करारी शिकस्त देकर अंक तालिका में बड़ा उलटफेर कर टॉप पर जगह बना ली है। वहीं आज शाम श्रीलंका के कैंडी स्थित पेल्लेकेले स्टेडियम में इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच होने वाला मुकाबला सेमीफाइनल की रेस का मुकाबला रोमांच से भर गया है।

हेटमायर की तूफानी बल्लेबाजी से वेस्टइंडीज की रिकॉर्ड जीत

वेस्टइंडीज ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए जिम्बाब्वे को 107 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम ने 20 ओवर में छह विकेट पर 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो टूर्नामेंट के इतिहास के सबसे बड़े स्कोरों में शामिल हो गया। जीत के सबसे बड़े हीरो शिमरोन हेटमायर रहे।

उन्होंने सिर्फ 34 गेंद में 85 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें सात चौके और सात छक्के शामिल रहे। कप्तान रोवमैन पॉवेल ने उनका अच्छा साथ निभाया और दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 122 रन की साझेदारी हुई। आखिरी ओवरों में शेरफेन रदरफोर्ड ने तेज 31 रन जोड़कर स्कोर को बेहद मजबूत बना दिया।

T20 World Cup 2026 ENG vs PAK Clash Analysis (1)

टॉरगेट के दबाव में जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी बिखरी

255 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। विकेट लगातार गिरते रहे और पूरी टीम 17.4 ओवर में 147 रन पर सिमट गई। ब्रैड इवांस ने 43 रन बनाकर संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके।

स्पिनरों ने खत्म की उम्मीदें

वेस्टइंडीज की जीत में गेंदबाजों की भी अहम भूमिका रही। गुडाकेश मोती ने 28 रन देकर चार विकेट लिए, जबकि अकील हुसैन ने तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। मैथ्यू फोर्ड ने दो विकेट लेकर जीत को एकतरफा बना दिया।

ग्रुप-8 में हुआ ये फेरबदल

इस जीत के साथ वेस्टइंडीज बेहतर नेट रन रेट के दम पर सुपर-8 अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। दक्षिण अफ्रीका दूसरे और भारत तीसरे स्थान पर खिसक गया है, जिससे सेमीफाइनल की रेस और रोमांचक हो गई है।

आज इंग्लैंड के सामने पाकिस्तान के करो-मरो के हालात

आज शाम पल्लेकेले में इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच अहम मुकाबला खेला जाएगा। पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है, क्योंकि उसका पहला सुपर-8 मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था। सेमीफाइनल की उम्मीद बनाए रखने के लिए उसे यह मैच हर हाल में जीतना होगा।

पल्लेकेले की धीमी पिच पर स्पिन गेंदबाज अहम भूमिका निभा सकते हैं। इंग्लैंड के स्पिनरों ने पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन किया था और टीम उसी लय को जारी रखना चाहेगी। इंग्लैंड ने अपने पिछले मैच में श्रीलंका को 51 रन से हराकर आत्मविश्वास हासिल किया है। आदिल रशीद और लियाम डॉसन ने गेंदबाजी में असर छोड़ा, जबकि जोफ्रा आर्चर ने तेज गेंदबाजी से बढ़िया समर्थन दिया। फिल साल्ट फॉर्म में लौटे हैं, लेकिन जोस बटलर की बल्लेबाजी अब भी टीम के लिए चिंता बनी हुई है।

दूसरी ओर पाकिस्तान के पास शादाब खान, अबरार अहमद और मोहम्मद नवाज जैसे मजबूत स्पिन विकल्प हैं, लेकिन बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी टीम के लिए परेशानी बन रही है। फिलहाल वेस्टइंडीज की बड़ी जीत के बाद अब सभी की नजरें इंग्लैंड और पाकिस्तान के मुकाबले पर टिक गई हैं, जो सुपर-8 की अंक तालिका और सेमीफाइनल की दौड़ को नया मोड़ दे सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button