Sports

टी20 वर्ल्ड कप 2026: 24 घंटे में पलटी रावलपिंडी एक्सप्रेस! PCB चीफ पर हमला, फिर सफाई, पाक क्रिकेट में भूचाल

PCB अध्यक्ष मोहसिन नकवी को शोएब अख्तर ने कहा था 'अयोग्य और जाहिल', भारत के हाथों करारी शिकस्त के बाद अख्तर ने टीम के बड़े सितारों पर भी सवाल उठाए। शाहीन अफरीदी की फिटनेस पर जताई चिंता

खेल डेस्क, 17 फरवरी 2026:

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के हाथों करारी शिकस्त के बाद पाकिस्तान क्रिकेट एक बार फिर बयानबाजी और अंदरूनी कलह के भंवर में फंस गया है। हार के बाद पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला लेकिन 24 घंटे के भीतर ही अपने शब्दों से यू-टर्न लेते हुए सफाई भी दे दी। ‘रावलपिंडी एक्सप्रेस’ के नाम से मशहूर अख्तर के इस पलटवार ने क्रिकेट गलियारों में नई बहस छेड़ दी है।

एक भारतीय चैनल पर बातचीत के दौरान अख्तर ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी की नियुक्ति पर सवाल उठाते हुए कहा था कि जिस व्यक्ति को किसी संस्था को चलाने का अनुभव न हो, उसे बड़ी जिम्मेदारी देना सबसे बड़ा अपराध है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि अगर मुझे किसी चैनल का चेयरमैन बना दिया जाए तो मुझे कैसे पता होगा कि उसे कैसे चलाना है? इस बयान के बाद पाकिस्तान क्रिकेट हलकों में खलबली मच गई।

WhatsApp Image 2026-02-17 at 10.41.21 AM

हालांकि, एक पाकिस्तानी चैनल पर विशेषज्ञ के तौर पर नजर आए अख्तर ने सफाई देते हुए कहा कि ‘अयोग्य और जाहिल’ जैसे शब्द किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं थे बल्कि व्यापक संदर्भ में बोले गए थे। उनके मुताबिक टीवी चैनल ने बात को गलत ढंग से पेश किया। अख्तर ने यह भी कहा कि नकवी एक अच्छे इंसान हैं और पाकिस्तान क्रिकेट की मदद करना चाहते हैं लेकिन उन्हें सही सलाह नहीं मिलती। बयान देते वक्त अख्तर का हकलाना और बार-बार शब्द दोहराना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।

यू-टर्न के बावजूद अख्तर ने अपनी नाराजगी छुपाई नहीं। उन्होंने कहा कि नकवी ने भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप के दौरान बहिष्कार वाले रुख से पीछे हटकर समुदाय का भरोसा तोड़ा। अख्तर ने तंज कसा कि पूरा समुदाय उनके साथ था, यू-टर्न से पहले मुझसे बात कर सकते थे।
मैदान पर प्रदर्शन को लेकर भी अख्तर ने टीम के बड़े सितारों पर सवाल उठाए। उन्होंने शाहीन अफरीदी की फिटनेस पर चिंता जताते हुए कहा कि उनकी रफ्तार 125 किमी प्रति घंटे से ऊपर नहीं जा रही। वहीं बाबर आजम को लेकर उनका मानना है कि मिडिल ऑर्डर में वह प्रभावी नहीं हैं। इस फॉर्मेट में ओपनर के तौर पर ही बेहतर कर सकते हैं। इसके अलावा शादाब खान के चयन को भी उन्होंने समझ से परे बताया।

अख्तर ने पूरी व्यवस्था पर उंगली उठाई। कहा कि हम सब जिम्मेदार हैं। बोर्ड, मीडिया और हम खुद। गलत लोगों को स्टार बना दिया, इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश नहीं किया। नतीजा सामने है। भारत हमसे कई कदम आगे की क्रिकेट खेल रहा है। इस बयान के साथ पाकिस्तान क्रिकेट में मंथन तेज हो गया है कि असली बदलाव मैदान से शुरू होगा या बोर्डरूम से।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button