Sports

T20 world Cup : जिम्बाब्वे से मिली शर्मनाक हार… ऑस्ट्रेलिया के आगे ‘करो या मरो’ के हालात

ग्रुप बी में बड़ा उलटफेर, 169 रन का लक्ष्य भी नहीं चेज कर सके कंगारू, सुपर-8 की जंग रोमांचक हुई, टिके रहने के लिए श्रीलंका से मैच जीतना होगा

स्पोर्टस डेस्क, 13 फरवरी 2026:

T20 world Cup 2026 में बड़ा उलटफेर देखने को मिला जब जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम ने मजबूत मानी जा रही ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम को 23 रन से हरा दिया। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 169 रन बनाए, जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 146 रन पर सिमट गई।

यह मुकाबला ICC के T20 विश्व कप 2026 का अब तक का सबसे बड़ा उलटफेर माना जा रहा है। जिम्बाब्वे की शुरुआत संभली हुई रही। टीम को पहला झटका 61 रन पर लगा, लेकिन इसके बाद बल्लेबाजों ने रन गति बनाए रखी। ब्रायन बेनेट ने शानदार 64 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि कप्तान सिकंदर रजा ने तेज 25 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। आखिरी ओवरों में दोनों के बीच तेज साझेदारी ने मैच का रुख बदल दिया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही। शुरुआती विकेट जल्दी गिरने से टीम दबाव में आ गई। कप्तान ट्रेविस हेड भी बड़ी पारी नहीं खेल सके और टीम जल्द ही बैकफुट पर आ गई। मध्यक्रम में ग्लेन मैक्सवेल और मैट रेनशॉ ने साझेदारी कर मैच संभालने की कोशिश की, लेकिन विकेट गिरने का सिलसिला नहीं रुका।

WhatsApp Image 2026-02-13 at 4.56.16 PM

जिम्बाब्वे की जीत में तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी और ब्रैड इवांस की अहम भूमिका रही। दोनों ने मिलकर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी को पूरी तरह तोड़ दिया। इस जीत के साथ ग्रुप बी की अंक तालिका दिलचस्प हो गई है। जिम्बाब्वे मजबूत स्थिति में पहुंच गया है, जबकि ऑस्ट्रेलिया पर अब बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है।

ऑस्ट्रेलिया के नियमित कप्तान मिचेल मार्श फिट नहीं होने के कारण मैच नहीं खेल सके। उनकी गैरमौजूदगी टीम पर साफ नजर आई। इस जीत के साथ जिम्बाब्वे ने एक बार फिर साबित कर दिया कि टी20 फॉर्मेट में कोई भी टीम किसी को भी चौंका सकती है, और टूर्नामेंट अब और ज्यादा रोमांचक हो गया है।

ऑस्ट्रेलिया की स्थिति अब नाजुक हो चुकी है। दो मैचों में एक जीत और एक हार के साथ उसके खाते में दो अंक हैं और वह तीसरे स्थान पर है। अगर टीम को सुपर-8 में जगह बनानी है तो अब उसे अपने बचे हुए सभी मुकाबले जीतने होंगे। खासकर श्रीलंका के खिलाफ होने वाला अगला मैच उसके लिए ‘करो या मरो’ जैसा होगा। उस मुकाबले में हार ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button