Sports

T20 World Cup : इंग्लैड की सेमीफाइनल में शानदार एंट्री…परास्त पाकिस्तान पर संकट गहराया

हैरी ब्रूक ने ठोका तूफानी शतक, दो विकेट की रोमांचक जीत मिली, पाकिस्तान के बल्ले से नहीं निकले रन, बॉलिंग भी लड़खड़ाती रही

स्पोर्ट्स डेस्क, 25 फरवरी 2026:

टी20 विश्व कप 2026 में इंग्लैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। सुपर-8 चरण के मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हराकर अंतिम चार में जगह पक्की कर ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 9 विकेट पर 164 रन बनाए, जिसे इंग्लैंड ने आखिरी ओवर में हासिल कर लिया।

श्रीलंका के कैंडी स्थित पल्लेकले स्टेडियम में हुए इस मैच का अंत बेहद रोमांचक रहा। एक समय इंग्लैंड की जीत आसान लग रही थी, लेकिन 155 रन पर 5 विकेट से टीम अचानक 161 रन पर 8 विकेट गंवा बैठी। दबाव बढ़ चुका था, तभी जोफ्रा आर्चर ने आखिरी ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाकर टीम को जीत दिला दी। इस जीत के साथ इंग्लैंड लगातार पांचवीं बार टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंच गया। दूसरी ओर पाकिस्तान के दो मैचों में सिर्फ एक अंक हैं और उसके बाहर होने का खतरा गहरा गया है।

हैरी ब्रूक ने संभाली पूरी पारी

165 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। शाहीन अफरीदी ने पहली ही गेंद पर फिल साल्ट को आउट कर दिया। इसके बाद जोस बटलर और जैकब बेथेल भी सिंगल डिजिट पर पवेलियन लौट गए। शुरुआती झटकों के बाद हैरी ब्रूक ने जिम्मेदारी संभाली और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी शुरू की।

WhatsApp Image 2026-02-25 at 7.56.42 AM

पावरप्ले में इंग्लैंड के 53 रन बने, जिसमें ब्रूक ने अकेले 41 रन जोड़े। टॉम बैंटन जल्दी आउट हो गए, लेकिन ब्रूक ने रन गति बनाए रखी। उन्होंने 28 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। सैम करन के साथ 45 रन और फिर विल जैक्स के साथ 52 रन की अहम साझेदारी कर मैच इंग्लैंड की पकड़ में ला दिया।

ब्रूक ने 50 गेंदों में शतक पूरा किया, हालांकि अगली ही गेंद पर वह आउट हो गए। उनकी 51 गेंदों की पारी में 10 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। विल जैक्स ने 25 रन का योगदान दिया। पाकिस्तान की ओर से शाहीन अफरीदी ने 4 विकेट लिए, लेकिन अन्य गेंदबाज असर नहीं छोड़ सके।

पाकिस्तान की पारी में फरहान का अर्धशतक

टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। सैम अयूब 7 और कप्तान सलमान आगा 5 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद बाबर आजम और साहिबजादा फरहान ने पारी संभाली और तीसरे विकेट के लिए 46 रन जोड़े। बाबर 25 रन बनाकर आउट हुए, जबकि फरहान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में 63 रन बनाए।

फखर जमान ने 25 रन की तेज पारी खेली, लेकिन बाकी बल्लेबाज ज्यादा योगदान नहीं दे सके। उस्मान खान 8 रन पर आउट हुए, मोहम्मद नवाज खाता भी नहीं खोल पाए और शाहीन अफरीदी 2 रन बनाकर लौट गए। अंतिम ओवरों में शादाब खान ने 11 गेंदों में 23 रन बनाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

WhatsApp Image 2026-02-25 at 7.56.41 AM

इंग्लैंड की ओर से लियाम डॉसन ने 4 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट लिए। जोफ्रा आर्चर और जेमी ओवर्टन ने दो-दो विकेट हासिल किए। इस जीत के साथ इंग्लैंड का आत्मविश्वास काफी बढ़ा है, जबकि पाकिस्तान के लिए अब आगे का रास्ता मुश्किल नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button