Sports

T20 World Cup: श्रीलंका की जीत से शुरुआत…आयरलैंड को मिली हार, आज होंगे तीन अन्य मुकाबले

श्रीलंका ने 20 रन से दी आयरलैंड को शिकस्त, कामिंदु और कुसल मेंडिस की पारियों ने दिलाई जीत, आज स्कॉटलैंड-इटली, जिम्बाब्वे-ओमान व साउथ अफ्रीका टीम का कनाडा के साथ मुकाबला होगा

स्पोर्ट्स डेस्क, 9 फरवरी 2026:

टी20 विश्व कप 2026 में श्रीलंका ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। कोलंबो में खेले गए ग्रुप बी के मुकाबले में श्रीलंका ने आयरलैंड को 20 रन से शिकस्त दी। टूर्नामेंट के तीसरे दिन आज ग्रुप सी में तीन मुकाबले खेले जाएंगे, जिसमें स्कॉटलैंड बनाम इटली, जिम्बाब्वे बनाम ओमान और साउथ अफ्रीका बनाम कनाडा की टीमें आमने-सामने होंगी।

श्रीलंका की पारी: धीमी शुरुआत के बाद तेज रफ्तार

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत खास नहीं रही। शुरुआती चार ओवरों में टीम सिर्फ 28 रन ही बना सकी। सलामी बल्लेबाज कामिल मिशारा 14 रन बनाकर मार्क अडैर की स्लोअर गेंद पर आउट हो गए। उन्हें पहले जीवनदान जरूर मिला था, लेकिन वह उसका फायदा नहीं उठा सके। दूसरे छोर पर पथुम निसंका ने 24 रन की पारी खेली। उन्होंने कुछ आकर्षक शॉट लगाए, लेकिन अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए। पावरप्ले के बाद श्रीलंका का स्कोर 50 रन पर एक विकेट था।

डॉकरेल की स्पिन ने बढ़ाई श्रीलंका की मुश्किलें

मिडिल ओवर्स में आयरलैंड के कप्तान पॉल स्टर्लिंग ने स्पिन का सहारा लिया और जॉर्ज डॉकरेल ने मैच का रुख पलट दिया। उन्होंने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए पथुम निसंका और पवन रत्नायके को पवेलियन भेजा। रत्नायके का रैम्प शॉट खेलने का फैसला पूरी तरह गलत साबित हुआ। इसके बाद दुनिथ वेलालागे भी ज्यादा देर टिक नहीं सके और गैरेथ डेलानी की गेंद पर लॉन्ग-ऑन पर कैच हो गए। 14 ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 86 रन पर चार विकेट था और टीम दबाव में नजर आ रही थी।

कामिंदु मेंडिस का तूफान, कुसल मेंडिस का संयम

मुश्किल हालात में कुसल मेंडिस और कामिंदु मेंडिस ने पारी को संभाला। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 67 रन की अहम साझेदारी हुई। कामिंदु मेंडिस ने सिर्फ 19 गेंदों में 44 रन बनाए। उनकी पारी में चार चौके और दो छक्के शामिल रहे। वहीं कुसल मेंडिस ने संयम दिखाते हुए नाबाद 56 रन की पारी खेली। उन्होंने 43 गेंदों का सामना किया और पांच चौके लगाए। अंतिम ओवरों में तेजी से रन बटोरते हुए श्रीलंका ने 20 ओवर में छह विकेट पर 163 रन बनाए। आयरलैंड की ओर से बैरी मैकार्थी और जॉर्ज डॉकरेल ने दो-दो विकेट लिए, जबकि मार्क अडैर और गैरेथ डेलानी को एक-एक सफलता मिली।

आयरलैंड की पारी: शुरुआत खराब, स्पिन में उलझी टीम

164 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आयरलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान पॉल स्टर्लिंग चौथे ओवर में सिर्फ छह रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें पहले जीवनदान मिला था, लेकिन महीश तीक्षणा की यॉर्कर पर वह बोल्ड हो गए। इसके बाद रॉस अडैर ने 23 गेंदों में 34 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की। पावरप्ले के बाद आयरलैंड का स्कोर 45 रन पर एक विकेट था। हालांकि वानिंदु हसरंगा ने अपनी पहली ही ओवर में अडैर को बोल्ड कर श्रीलंका को बड़ी सफलता दिलाई।

WhatsApp Image 2026-02-09 at 11.10.14 AM (2)

हसरंगा और तीक्षणा ने पलटा मैच

हैरी टेक्टर ने एक छोर संभालते हुए 40 रन की पारी खेली। 10 ओवर के बाद आयरलैंड को जीत के लिए 92 रन चाहिए थे, लेकिन 16वें ओवर में हसरंगा ने टेक्टर को आउट कर मैच पूरी तरह श्रीलंका के पक्ष में कर दिया। इसके बाद आयरलैंड की पारी बिखर गई। श्रीलंका के स्पिन गेंदबाजों ने लगातार विकेट चटकाए। महीश तीक्षणा ने चार ओवर में 23 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि वानिंदु हसरंगा ने चार ओवर में 25 रन देकर तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। आयरलैंड की पूरी टीम 19.5 ओवर में 143 रन पर सिमट गई और श्रीलंका ने मुकाबला 20 रन से अपने नाम कर लिया।

WhatsApp Image 2026-02-09 at 11.10.13 AM (1)

आज ग्रुप सी में होंगे तीन मुकाबले

टी20 विश्व कप 2026 में आज तीन मुकाबले खेले जाएंगे। पहले मैच में स्कॉटलैंड का सामना इटली से होगा। दूसरे मुकाबले में जिम्बाब्वे और ओमान की टीमें आमने-सामने होंगी। दिन का आखिरी मैच साउथ अफ्रीका और कनाडा के बीच खेला जाएगा।

WhatsApp Image 2026-02-09 at 11.10.14 AM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button