Uttarakhand

मुख्य सचिव ने बैठक में योजनाओं को दी मंजूरी… खेल, पर्यटन व इनफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगा बल

व्यय-वित्त समिति की हुई बैठक, चंपावत में स्टेडियम व गोलू देवता कॉरिडोर, हल्द्वानी में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी व सितारगंज जेल विस्तार समेत कई अहम परियोजनाओं पर लगी मुहर

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 24 फरवरी 2026:

मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में आयोजित व्यय-वित्त समिति की बैठक में राज्य के अलग-अलग जिलों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को हरी झंडी दी गई। बैठक में खेल, पर्यटन, सीवरेज, कारागार और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं को मंजूरी मिली, जिससे प्रदेश में विकास कार्यों को रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

बैठक में मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत चंपावत मुख्यालय स्थित गोरलचौड़ मैदान में स्टेडियम निर्माण को स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही गोलज्यू कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत गोलू देवता कॉरिडोर के निर्माण को भी मंजूरी मिली। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि योजना मंदिर को केंद्र में रखकर तैयार की जाए और इसमें कुमाऊं की पारंपरिक संस्कृति व स्थानीय पहचान साफ नजर आए।

राजधानी देहरादून के आमवाला तरला क्षेत्र में रिंग फेंसिंग कार्यक्रम के तहत करीब 1788.34 लाख रुपये की लागत वाली सीवरेज परियोजना को भी स्वीकृति मिली। इस परियोजना से इलाके में लंबे समय से चली आ रही जलनिकासी की समस्या के समाधान की उम्मीद जताई जा रही है।

कारागार विभाग से जुड़ी बड़ी योजना के तहत सितारगंज केंद्रीय कारागार के विस्तार के लिए 3814.72 लाख रुपये की धनराशि मंजूर की गई है। इससे जेल की क्षमता और सुविधाओं में सुधार होगा। वहीं हल्द्वानी के गोलापर क्षेत्र में प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय के प्रशासनिक व शैक्षणिक भवन तथा 100 बेड के छात्रावास निर्माण के लिए 2679.37 लाख रुपये की योजना को भी स्वीकृति दी गई। सरकार का मानना है कि इससे राज्य में खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।

बैठक के दौरान पर्यटन अवस्थापनाओं के विकास पर भी खास जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मंदिर क्षेत्र के आसपास प्राकृतिक सौंदर्य को बनाए रखते हुए संतुलित विकास कार्य किए जाएं, ताकि धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिले और स्थानीय लोगों को भी रोजगार के मौके मिल सकें। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button