एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 19 जनवरी 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के नगराम क्षेत्र के कुबहरा गांव में दो सप्ताह पहले सरसों के खेत में मिले अज्ञात मानव कंकाल के मामले का पुलिस ने सोमवार को सनसनीखेज खुलासा किया है। कंकाल एक महिला का था। उसकी हत्या के आरोप में पुलिस ने मृतका के पड़ोसी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शादी का रिश्ता तय न होने से नाराज होकर महिला की गला दबाकर हत्या की और शव खेत में फेंक दिया था।
एडीसीपी वसंत लल्लापल्ली ने बताया कि 7 जनवरी को कुबहरा गांव में सरसों के खेत में मानव कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया था। कंकाल के पास मिली साड़ी के आधार पर गांव के पीतांबर ने आशंका जताई थी कि यह उसकी 30 वर्षीय पत्नी पूनम का हो सकता है। इसके बाद मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और मुकदमा भी दर्ज कराया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के साथ ही पहचान के लिए फॉरेंसिक जांच और डीएनए टेस्ट कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगराम पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्य, स्थानीय जानकारी और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच तेज की। विवेचना में प्रकाश में आए अभियुक्त आशीष कुमार रावत निवासी कुबहरा गांव को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मृतका पूनम से बातचीत करता था। पूनम ने उसकी शादी अपनी बड़ी बहन की बेटी से कराने का आश्वासन दिया था लेकिन बाद में लड़की की शादी परिवार ने कहीं और तय कर दी। इससे आशीष खुद को ठगा महसूस करने लगा और पूनम से रंजिश रखने लगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।
आरोपी ने 12 दिसंबर की सुबह करीब 9:30 बजे पूनम को गांव के हंसराज की बाग में मिलने के लिए बुलाया। वहां कहासुनी के दौरान उसने पूनम का गला दबाकर हत्या कर दी। शाम को जब वह गांव लौटा और पूनम के परिजनों को उसकी तलाश करते देखा तो डर के कारण उसी रात करीब 10 बजे शव को गांव के पश्चिम स्थित सरसों के खेत में ले जाकर फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका के गले से उतारी गई लॉकेट और पैरों की एक जोड़ी पायल भी बरामद कर ली है जिसकी पहचान परिजनों ने कर ली है। फिलहाल पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजकर आगे की कार्रवाई में जुटी है।






