Sitapur City

थाने पर नहीं हुई सुनवाई, डीएम से मिलने निकला परिवार… पुलिस ने मनाया, दर्ज की एफआईआर

सकरन थाना क्षेत्र में चार मार्च को हुई थी चोरी की घटना, लगातार कार्रवाई की मांग कर रहा था परिवार, पुलिस से नाराज होकर गांव से बैनर लेकर निकले, पुलिस ने रास्ते में रोककर गुस्सा शांत किया

सीतापुर, 19 मार्च 2026:

सकरन इलाके के दुगाना गांव में चोरी की घटना के बाद कार्रवाई न होने से नाराज एक परिवार घर छोड़कर निकल पड़ा। परिवार के मुखिया ने बैनर तैयार कर डीएम फिर सीएम तक जाने का मन बना लिया। परिवार जिला मुख्यालय पहुंचता तभी भनक पाकर पुलिस ने हाईवे पर ही रोककर सभी को वापस थाने लाई और मुकदमा दर्ज कर लिया।

बताया गया कि दुगाना गांव निवासी इंद्रपाल के घर 4 मार्च की रात चोरी हुई थी। परिवार का आरोप है कि सूचना देने के बाद भी पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। कई दिनों तक थाने के चक्कर लगाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई अलबत्ता टरकाया जाता रहा।

WhatsApp Image 2026-03-19 at 8.29.40 AM

लगातार निराश होने से नाराज होकर परिवार ने फैसला लिया कि जिला मुख्यालय जाकर डीएम से मिलेंगे आए बात नहीं बनी तो मुख्यमंत्री तक जाएंगे। यही सोचकर एक बैनर बनवाया और उस पर अपनी पीड़ा के साथ पुलिस का रवैया लिखा और घर-गांव छोड़कर निकल पड़ा। जैसे ही पुलिस को उनके जाने की खबर मिली, सकरन थाने की टीम चकलेबाबा मंदिर के पास हाईवे पर पहुंची और उन्हें बीच रास्ते में रोक लिया।

पुलिस परिवार को समझाकर थाने ले आई, जहां उनकी तहरीर पर तुरंत मुकदमा दर्ज किया गया। इस घटनाक्रम के बाद गांव में पुलिस की कार्यशैली को लेकर चर्चा तेज हो गई है। ग्रामीणों का कहना था कि अगर शुरुआत में ही कार्रवाई होती, तो परिवार को यह कदम उठाने की नौबत नहीं आती। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button