Lucknow City

उतरावां में नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का छाया रहा रोमांच… फाइनल में सीआरपीएफ बनी चैंपियन

दूधिया रोशनी में खेले गए मुकाबलों ने गांव को मेले में बदला, 16 टीमों की हुई टक्कर, सेमीफाइनल से ही मुकाबले रहे बेहद रोमांचक

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 24 मार्च 2026:

राजधानी स्थित निगोहा क्षेत्र के उतरावां गांव में आयोजित नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन देर रात जोश और रोमांच के साथ हुआ। पूरे गांव में मेले जैसा माहौल रहा और मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे। फाइनल मैच में अल्टीमेट वॉरियर्स और सीआरपीएफ के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। हर चौके-छक्के पर तालियों की गूंज देर रात तक सुनाई देती रही।

टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों से लेकर सेमीफाइनल तक हर मैच में कड़ी टक्कर देखने को मिली। पहले सेमीफाइनल में अल्टीमेट वॉरियर्स ने सगुन इलेवन को हराकर फाइनल में जगह बनाई। दूसरे सेमीफाइनल में सीआरपीएफ टीम ने रत्नापुर को मात देकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया।

WhatsApp Image 2026-03-24 at 2.17.03 PM

फाइनल मैच में अल्टीमेट वॉरियर्स और सीआरपीएफ के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। दोनों टीमों ने दमदार खेल दिखाया, लेकिन बेहतरीन प्रदर्शन के सहारे सीआरपीएफ टीम ने बाजी मार ली और ट्रॉफी अपने नाम कर ली। अल्टीमेट वॉरियर्स चार ओवर मे 20 रन बना पाई और सीआरपीएफ ने 2 ओवर में ही यह लक्ष्य हासिल कर लिया। चार विकेट लेकर मैन ऑफ़ द मैच रविश रहे। वहीं मैन न ऑफ़ द टूर्नामेंट अभिषेक मंडेला बने। उन्होंने आठ विकेट लिए और टूर्नामेंट में 120 रन बनाए। फाइनल मैच में पुरस्कार सत्य देव फाउंडेशन के अध्यक्ष सत्य प्रकाश ने दिया।

टूर्नामेंट का आयोजन शिवम सिंह, जैद मोहम्मद, सचिन मिश्रा और टोनी प्रभात पांडेय ने किया। इसमें 16 टीमों ने हिस्सा लिया। जीत के बाद बंथरा की सीआरपीएफ टीम के खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह दिखा। वहीं उपविजेता अल्टीमेट वॉरियर्स ने भी खेल भावना दिखाते हुए विजेता टीम को बधाई दी।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button