लखनऊ, 25 जनवरी 2026:
माघ महीने के शुक्ल पक्ष की आज सप्तमी तिथि है और आज का दिन भगवान सूर्यदेव को समर्पित है। चंद्रमा का गोचर मीन राशि से मेष राशि में होने के कारण दिन के दूसरे हिस्से में लक्ष्मी योग बन रहा है। साथ ही चंद्रमा पर मंगल की दृष्टि रहने से नेतृत्व क्षमता मजबूत होगी और व्यापारिक सफलता के संकेत मिलेंगे। सूर्य के मकर राशि में होने से बुधादित्य योग का प्रभाव भी बना हुआ है, जो बुद्धि, मान सम्मान और प्रगति दिलाने वाला योग माना जाता है।
इसके अलावा रेवती नक्षत्र के बाद अश्विनी नक्षत्र में सिद्ध और साध्य योग का भी संयोग बन रहा है। सूर्यदेव और धन योग के शुभ प्रभाव से आज का दिन मेष, कर्क, सिंह, धनु और मकर राशि के जातकों के लिए खास तौर पर अनुकूल और भाग्यवर्धक रहने वाला है।
मेष राशि: आय और सम्मान में बढ़ोतरी
मेष राशि के जातकों के लिए आज का दिन आर्थिक मामलों में शुभ संकेत दे रहा है। आय से जुड़े प्रयासों में सुधार देखने को मिलेगा और पहले किए गए कामों से लाभ होगा। व्यापार करने वालों के लिए दिन फायदेमंद रहेगा, खासकर तकनीक और ऑनलाइन काम से जुड़े लोगों को अच्छा मुनाफा मिल सकता है। नौकरीपेशा लोगों को वरिष्ठ अधिकारियों का सहयोग मिलेगा। सामाजिक स्तर पर सक्रियता बढ़ेगी और मान सम्मान में वृद्धि होगी।
कर्क राशि: नए काम की शुरुआत और लाभ के योग
कर्क राशि के लोगों के लिए आज का दिन हर मोर्चे पर अच्छा रहने वाला है। कमाई बेहतर रहेगी और धन से जुड़े मामलों में सफलता मिलेगी। लंबे समय से जिस काम को शुरू करने की योजना बना रहे थे, उसके लिए आज का दिन शुभ है। अचानक किसी स्रोत से लाभ मिलने के संकेत हैं, जिससे आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। मित्रों के सहयोग से मुश्किल काम आसानी से पूरे होंगे। प्रॉपर्टी से जुड़े लोगों को शुभ समाचार मिल सकता है और यात्रा के योग भी बन रहे हैं, जो आगे चलकर लाभदायक साबित होंगे।
सिंह राशि: अटके काम पूरे, संपत्ति से फायदा
सिंह राशि के जातकों के लिए आज का दिन उपलब्धियों से भरा रहेगा। राजनीतिक संपर्कों के जरिए लाभ मिलने की संभावना है और लंबे समय से रुके हुए काम पूरे हो सकते हैं। विदेश से जुड़े कारोबार में सफलता के संकेत हैं। पैसे बचाने की आदत का अच्छा परिणाम देखने को मिलेगा। प्रॉपर्टी से जुड़े मामलों में लाभ होगा। पिता के सहयोग से आर्थिक फायदा मिलेगा। छात्रों को शिक्षा में मेहनत का फल मिलेगा और वैवाहिक जीवन सुखद रहेगा।
धनु राशि: शिक्षा, प्रेम और सुख साधनों में बढ़ोतरी
धनु राशि के जातकों के लिए आज का दिन काफी शुभ रहने वाला है। उच्च शिक्षा से जुड़े प्रयासों में सफलता मिलेगी और कोई अच्छी खबर सुनने को मिल सकती है। विदेश से जुड़े कामों में लाभ होगा। सुख साधनों में बढ़ोतरी के योग हैं। घर या वाहन से जुड़ा पुराना सपना पूरा हो सकता है। प्रेम जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे लोगों को सफलता के संकेत हैं। मित्रों और संतान का पूरा सहयोग मिलेगा।
मकर राशि: करियर में उन्नति और मान सम्मान
मकर राशि के जातकों के लिए आज का दिन करियर के लिहाज से मंगलकारी रहेगा। कार्यक्षेत्र में मेहनत और समझदारी से प्रगति के नए रास्ते खुलेंगे। सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को मान सम्मान और लाभ मिलेगा। धन प्राप्ति के योग बन रहे हैं। वैवाहिक जीवन सुखद रहेगा। वरिष्ठ और प्रभावशाली लोगों से संपर्क का फायदा होगा। आज पसंदीदा भोजन का आनंद मिलेगा और छोटी यात्रा के योग भी बन सकते हैं।
_डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और ज्योतिष गणना पर आधारित है। Thehohalla इसकी पुष्टि पर कोई दावा नहीं करता है।_






