लखनऊ, 29 दिसंबर 2025:
यूपी की राजधानी लखनऊ के व्यापारिक क्षेत्रों में बढ़ती जाम की समस्या, अतिक्रमण और अव्यवस्था का मुद्दा सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित वाणिज्य बंधु की अहम बैठक में गूंजा। डीएम विशाख जी की अध्यक्षता में हुई बैठक में लखनऊ व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने शहर की व्यापारिक परेशानियों से जुड़े कई मुद्दे विस्तार से रखे और ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने स्पष्ट कहा कि मौजूदा हालात न सिर्फ बाजारों को प्रभावित कर रहे हैं, बल्कि आम नागरिकों के जीवन, यातायात व्यवस्था, और यहां तक कि आपातकालीन सेवाओं पर भी गंभीर असर पड़ रहा है।
लखनऊ व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र ने कहा कि नगर निगम से जुड़ी कई समस्याएं वर्षों से जस की तस बनी हुई हैं। उदाहरण के तौर पर रकाबगंज सब्जी मंडी को हटाए जाने के बावजूद उसका बार-बार पुनः लग जाना प्रशासनिक निष्क्रियता का प्रतीक है। इससे यहियागंज, पाण्डेयगंज, मौलवीगंज, नक्खास जैसे पुराने शहर के प्रमुख बाजारों का व्यापार चरमराया हुआ है।

महामंत्री अनुराग मिश्र ने चौक क्षेत्र की स्थिति को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र व्यापारिक धुरी होने के साथ ठाकुरगंज, हरदोई रोड, ऐशबाग, सीतापुर रोड समेत लगभग 5 लाख लोगों की दैनिक आवाजाही का मुख्य मार्ग है। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) और लारी कार्डियोलॉजी संस्थान इसी क्षेत्र में होने के कारण गंभीर मरीजों की एम्बुलेंस भी इसी मार्ग से गुजरती है लेकिन भीषण जाम के चलते जीवनरक्षक सेवाएं तक प्रभावित हो रही हैं।
व्यापारियों ने कई प्रमुख मार्गों मेडिकल चौराहा, रूमी गेट, घंटाघर, पक्का पुल, डालीगंज पुल और कोनेश्वर से बालागंज मार्ग को जाम के स्थायी केंद्र बताते हुए तत्काल समाधान की मांग रखी। व्यापार मंडल ने सुझाव दिया कि मेडिकल कॉलेज से रूमी गेट मार्ग के नीचे फ्लाईओवर क्षेत्र से बैरिकेडिंग हटाकर रास्ता खोलने, खुन-खुन जी गर्ल्स कॉलेज क्षेत्र से बकरा व फूल मंडी हटाने, हुसैनाबाद ट्रस्ट भूमि पर लगे अवैध बाजार को समाप्त करने और चौक-सुभाष मार्ग में भूमिगत पार्किंग निर्माण की दिशा में तुरंत कदम उठाए जाएं।
संगठन के युवा अध्यक्ष मनीष गुप्ता ने हाउस टैक्स, वाटर टैक्स, सीवर टैक्स और स्मार्ट सिटी टैक्स वसूलने के बावजूद बाजारों में मूलभूत सुविधाएं न मिलने पर सवाल उठाया। वहीं राजू शुक्ला ने बाजारों में बिजली कटौती को व्यापार के लिए विनाशकारी बताया।
सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए डीएम विशाख जी ने एडीएम पूर्वी को कमेटी गठित कर समन्वयपूर्ण कार्रवाई, जाम समाधान के ठोस रोडमैप और व्यापारियों संग नियमित संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए। व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि समाधान होने पर व्यापार, यातायात और आम जनजीवन को राहत मिलेगी।






