Lucknow City

वर्दीधारियों की होली में दिखा स्वैग…पगड़ी, काले चश्मे में बग्घी पर बैठे आला अफसर, ठुमके लगे, फूट पड़े रंगों के झरने

हजरतगंज से निकाली गई शोभा यात्रा में विंटेज कार भी हुई शामिल, अबीर गुलाल से नहा गया पुलिस लाइन, ढोल नगाड़े ने महफिल में भरा जोश, दमकल विभाग करता रहा रंगीन पानी की बारिश

लखनऊ, 5 मार्च 2026:

होली के दूसरे दिन हजरतगंज से पुलिस लाइन तक होली शोभायात्रा निकाली गई। ढोल नगाड़ों संग निकली शोभायात्रा में लखनऊ पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सेंगर और ज्वाइंट सीपी बबलू कुमार बग्घी पर सवार हुए। विंटेज कार भी शामिल हुई। इसके बाद पुलिस लाइन में जमकर ठुमके लगे रंगों की फुहार आसमान की ओर लपक रहीं थीं तो अबीर गुलाल बहती हवा संग चेहरों पर इठला रहा था।

अपनी चुस्त दुरुस्त निगरानी में एक दिन पूर्व सबकी होली खैरियत से निपटाकर पुलिसकर्मी आज के दिन का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। सुबह व्हाइट ड्रेस कोड में सभी हजरतगंज कोतवाली में जमा हुए। ढोल नगाड़े पर डांस का धमाल मचाकर शोभायात्रा आगे बढ़ी तो इसकी भव्यता भी बढ़ती गई। इसमें सैकड़ों पुलिसकर्मियों के साथ घोड़ों की बग्घी व विंटेज कार भी शामिल हुई।

WhatsApp Image 2026-03-05 at 2.48.21 PM (1)

बग्घी पर लखनऊ पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सेंगर व ज्वाइंट सीपी बबलू कुमार पगड़ी और काले चश्मे पहनकर सवार हुए। फूल मालाओं से अफसरों का स्वागत किया गया। महिला पुलिसकर्मियों ने विंटेज कार में सवार होकर डांस किया। पुलिसकर्मी गोली चल जावेगी…हरियाणवी गाने पर डांस करते हुए शोभा यात्रा में शामिल हुए। गुलाल के पटाखे फोड़े गए। पुलिसकर्मियों ने कमिश्नर पर बाल्टी भर-भरकर कर रंग डाला। महिलाकर्मियों पर जमकर रंगों की बौछार की गई।

WhatsApp Image 2026-03-05 at 2.48.21 PM

नाचते-गाते, जश्न मनाते पूरा काफिला पुलिस लाइन पहुंचा। तमाम पुलिसकर्मी मुंह पर मुखौटा लगा कर जुलूस में शामिल हुए। उनके साथ एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल और एसीपी महानगर अंकित कुमार भी मौजूद रहे। पुलिसकर्मी एडीसीपी जितेंद्र कुमार को गोद में उठाकर जुलूस में ले आए। पुलिस लाइन में दमकल विभाग रंगीन पानी की तेज बौछार आसमान की ओर करता रहा। ये नजारा मन मोह लेने वाला था। ऐसा लगा मानो रंगीन पानी का झरना फूट पड़ा हो। जमीन की ओर लौटती इसकी फुहार में कोई सराबोर हो गया तो कोई भागकर खुद को बचाते दिखा। इसी तरह राजधानी के अन्य थानों सरोजनीनगर, मोहनलालगंज, निगोहां, काकोरी, मलिहाबाद गोमतीनगर, कैसरबाग आदि पर भी जमकर होली खेली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button