LifestyleLucknow City

केंद्रीय बजट में यूपी को बड़ी सौगात, सारनाथ व हस्तिनापुर बनेंगे खास सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह बोले, विरासत के संरक्षण के साथ पर्यटन को मिलेगी नई रफ्तार, विकसित भारत के विजन में यूपी की भूमिका और मजबूत होगी

लखनऊ, 1 फरवरी 2026:

केंद्रीय बजट 2026-27 में उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को बड़ी पहचान मिली है। बजट का स्वागत करते हुए प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि देश के 15 प्रमुख पुरातात्विक स्थलों को एक्सपीरिएंशियल कल्चरल डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की योजना में सारनाथ और हस्तिनापुर को शामिल किया जाना यूपी के लिए अहम उपलब्धि है। इससे विकसित भारत के विजन में प्रदेश की भूमिका और मजबूत होगी।

जयवीर सिंह ने कहा कि बजट में उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को खास तरजीह दी गई है। इससे प्रदेश की पहचान देश के प्रमुख सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पर्यटन गंतव्य के तौर पर और उभरेगी। उनके मुताबिक यह फैसला पर्यटन विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है।

सारनाथ के विकास को लेकर पर्यटन मंत्री ने कहा कि भगवान बुद्ध के प्रथम उपदेश स्थल की पवित्रता और ऐतिहासिक गरिमा को बनाए रखते हुए यहां विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी। विज़िटर सुविधाएं, सुव्यवस्थित वॉकवे, इंटरप्रिटेशन सेंटर और तकनीक आधारित स्टोरीटेलिंग से पर्यटकों को सारनाथ के आध्यात्मिक और ऐतिहासिक महत्व को बेहतर ढंग से समझने का मौका मिलेगा। इससे बौद्ध पर्यटन को नई पहचान मिलेगी।

WhatsApp Image 2026-02-01 at 4.06.26 PM

हस्तिनापुर को लेकर उन्होंने कहा कि महाभारत काल के इस ऐतिहासिक नगर को एक समग्र हेरिटेज डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। कौरव वंश की राजधानी रहे हस्तिनापुर का पुरातात्विक और सांस्कृतिक महत्व बेहद व्यापक है। वैज्ञानिक संरक्षण, बेहतर सुविधाओं और व्यवस्थित जानकारी व्यवस्था के जरिए पर्यटक महाभारत से जुड़े इतिहास से भावनात्मक रूप से जुड़ सकेंगे।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि बजट में कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे से जुड़े प्रावधानों से प्रदेश में पर्यटन को नई रफ्तार मिलेगी। धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को जोड़ने वाली बेहतर सड़क और रेल व्यवस्था से पर्यटन सर्किट मजबूत होंगे। इसका सीधा फायदा स्थानीय व्यापार, हस्तशिल्प और होटल उद्योग को मिलेगा।

WhatsApp Image 2026-02-01 at 4.06.27 PM

जयवीर सिंह ने बताया कि प्रभावी पर्यटन नीति और बेहतर प्रबंधन का ही नतीजा है कि वर्ष 2025 में उत्तर प्रदेश ने 138 करोड़ पर्यटकों का स्वागत कर देश में पहला स्थान हासिल किया। यह उपलब्धि प्रदेश में बढ़ती सुविधाओं और पर्यटकों के भरोसे को दर्शाती है।

उन्होंने बजट को विरासत के साथ विकास की सोच पर आधारित बताते हुए कहा कि यह गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के सशक्तिकरण पर केंद्रित है। बजट विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में मजबूत रोडमैप पेश करता है। जयवीर सिंह ने भरोसा जताया कि इन पहलों से उत्तर प्रदेश देश का अग्रणी सांस्कृतिक और विरासत पर्यटन केंद्र बनकर उभरेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button