Uttar Pradesh

राहुल गांधी पर बरसे UP के डिप्टी CM : बोले… देश को शर्मसार करने की आदत छोड़े कांग्रेस

ब्रजेश पाठक ने लगाया देश की प्रगति को लेकर नकारात्मक माहौल बनाने का आरोप, यह स्पष्ट करने की मांग कि राजीव गांधी फाउंडेशन को चीन से कथित तौर पर किस प्रकार मिली फंडिंग

लखनऊ, 24 फरवरी 2026:

यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश के भीतर हो या बाहर, भारत को शर्मसार करने का कोई मौका नहीं छोड़ती। लखनऊ स्थित भाजपा मुख्यालय में मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी मंचों पर भारत की छवि को धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं। देश की प्रगति को लेकर नकारात्मक माहौल बना रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेतृत्व से यह स्पष्ट करने की मांग की कि राजीव गांधी फाउंडेशन को चीन से कथित तौर पर किस प्रकार फंडिंग मिली। उन्होंने कहा कि इस विषय पर देश के सामने स्थिति साफ करना कांग्रेस की जिम्मेदारी है। पाठक ने आरोप लगाया कि इस तरह के आरोपों पर चुप्पी साधकर कांग्रेस जनता को भ्रमित कर रही है।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि जब भारत वैश्विक मंच पर मजबूत नेतृत्व की भूमिका निभा रहा है तब इस प्रकार के बयान देशहित के विरुद्ध हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन विरोध के नाम पर अराजकता और असंयमित भाषा का प्रयोग स्वीकार्य नहीं हो सकता। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में नई पहचान बना रही है।

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के 100 विधायक लाओ वाले बयान पर तंज कसते हुए पाठक ने कहा कि अखिलेश और राहुल एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं और दोनों का उद्देश्य भ्रम व अस्थिरता फैलाना है। लखनऊ विश्वविद्यालय में हुए प्रदर्शन पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने साफ कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि वे राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें और सकारात्मक राजनीति का समर्थन करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश की जनता सब देख रही है और समय आने पर सच्चाई का साथ देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button