लखनऊ, 24 जनवरी 2026:
उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के मौके पर राजधानी लखनऊ में भव्य समारोह का आयोजन किया गया है। बसंतकुंज स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर आयोजित यूपी दिवस समारोह में शामिल होने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पहुंचे गए हैं। चौधरी चरण सिंह (अमौसी) अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने उनका जोरदार स्वागत किया।
इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह राष्ट्र प्रेरणा स्थल में 24 से 26 जनवरी तक चलने वाले यूपी महोत्सव का उद्घाटन करने पहुंचे। इस अवसर पर एक जनपद, एक व्यंजन (ODOC) योजना की शुरुआत करेंगे। इसका उद्देश्य प्रदेश के हर जिले के पारंपरिक व्यंजनों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है। इस पहल से स्थानीय खानपान, कारीगरों और छोटे उद्यमियों को नया बाजार मिलने की उम्मीद है।

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को यूपी दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश ने संघर्ष और नीतिगत लाचारी की बेड़ियों को तोड़ते हुए ‘बीमारू राज्य’ की छवि से बाहर निकलकर आज भारत के विकास का ग्रोथ इंजन बनने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाए हैं। सीएम योगी ने कहा कि प्रवासी प्रदेशवासी वैश्विक मंच पर प्रदेश का मान बढ़ा रहे हैं। विदेशों में रहकर भारत और यूपी का नाम रोशन कर रहे हैं। आने वाले समय में भी वे प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभाएंगे।
पीएम नरेंद्र मोदी ने भी एक्स पर उत्तर प्रदेश के लोगों को स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने लिखा कि भारतीय संस्कृति और विरासत की समृद्धि में अमूल्य योगदान देने वाला उत्तर प्रदेश बीते नौ वर्षों में ‘बीमारू’ से ‘बेमिसाल’ प्रदेश बनने की यात्रा तय कर चुका है। पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि देश की प्रगति को गति देने में उत्तर प्रदेश की भूमिका आने वाले समय में और भी महत्वपूर्ण होगी।
यूपी दिवस समारोह को लेकर आयोजन स्थल पर व्यापक तैयारियां की गई हैं। करीब 5000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। प्रदेश की उपलब्धियों और सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी के लिए चार बड़े जर्मन हैंगर लगाए गए हैं, जिनमें 200 से अधिक स्टॉल सजे हैं। लखनऊ के साथ-साथ प्रदेश के सभी जिलों और विदेशों में स्थित भारतीय दूतावासों में भी यूपी दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।






