Barabanki City

मछली फार्म में डाली थी डकैती…दो माह से फरार लखनऊ के बदमाश को मुठभेड़ में दबोचा

25 जनवरी को जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में हुई थी वारदात, लखनऊ बीकेटी के रूपेंद्र पर डीआईजी ने रखा था 50 हजार का इनाम, लखनऊ व बाराबंकी के कई थानों में दर्ज हैं 11 केस

बाराबंकी, 14 मार्च 2026:

जहांगीराबाद क्षेत्र में मछली फार्म पर हुई डकैती के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने शनिवार भोर में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिद्धौर भेजा गया। पकड़ा गया लखनऊ बीकेटी क्षेत्र का रूपेंद्र उर्फ सूरज है।

बता दें कि जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के मिश्रीपुरवा स्थित देवा फिशरीज पर गत 25 जनवरी को डकैतों ने धावा बोल दिया था। यहां कर्मचारियों को बंधक बनाकर मारा पीटा गया और 4 लाख 80 हजार कैश लूट ले गए। जांच में लखनऊ बीकेटी के रूपेन्द्र उर्फ सूरज सिंह निवासी ग्राम देवरी रुखारा का नाम सामने आया था। उसकी गिरफ्तारी पर डीआईजी ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस के अनुसार स्वाट टीम और असन्द्रा पुलिस शनिवार भोर में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कंधवापुर मोड़ के पास सिद्धौर से रामसनेहीघाट हाईवे की ओर एक युवक बाइक से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने बचने के लिए फायरिंग कर दी। गोली स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक अंकित त्रिपाठी के कान के पास से गुजर गई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी रूपेंद्र के खिलाफ लखनऊ के बीकेटी, मड़ियांव, जानकीपुरम व गोमतीनगर समेत बाराबंकी के कुर्सी थाने में डकैती, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और अवैध शस्त्र से जुड़े करीब 11 मुकदमे दर्ज हैं। उसके पास से असलहा व एक बाइक बरामद की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button