Lucknow City

कैलाश मानसरोवर यात्रियों को UP सरकार का तोहफा, 555 श्रद्धालुओं को मिलेगी एक लाख की सहायता

लखनऊ के लोकभवन में आज विशेष कार्यक्रम, तीर्थ यात्रियों को प्रोत्साहन और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल, तीर्थ यात्रियों की सुविधा के लिए गाजियाबाद में कैलाश मानसरोवर भवन का कराया गया निर्माण

लखनऊ, 17 मार्च 2026:

कैलाश मानसरोवर तीर्थ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यूपी सरकार आज एक बड़ी पहल करने जा रही है। राजधानी लखनऊ स्थित लोकभवन में आयोजित विशेष कार्यक्रम में सीएम योगी 555 श्रद्धालुओं को एक-एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता राशि वितरित करेंगे। पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल होंगे।

सरकार का उद्देश्य तीर्थ यात्रियों को प्रोत्साहित करना और उनकी कठिन यात्रा को आर्थिक रूप से सहारा देना है। कैलाश मानसरोवर यात्रा सनातन धर्म में अत्यंत पवित्र मानी जाती है लेकिन यह यात्रा बेहद कठिन और खर्चीली भी होती है। ऐसे में राज्य सरकार की ओर से दी जा रही यह सहायता श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत साबित होगी।
सरकार ने प्रदेश के स्थायी निवासियों के लिए कैलाश मानसरोवर यात्रा पर एक लाख रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान किया है।

यात्रा पूरी करने के बाद आवेदन और दस्तावेजों के सत्यापन के उपरांत यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में अंतरित की जाती है। सरकार का मानना है कि इस पहल से अधिक से अधिक श्रद्धालु इस पवित्र तीर्थ यात्रा का लाभ उठा सकेंगे। इसके साथ ही तीर्थ यात्रियों की सुविधा के लिए गाजियाबाद में कैलाश मानसरोवर भवन का निर्माण भी कराया गया है, जहां देशभर से आने वाले यात्रियों को ट्रांजिट स्टे की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। इससे यात्रियों को बेहतर ठहराव और आवश्यक सुविधाएं मिलती हैं।

कार्यक्रम में सीएम योगी के साथ वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना और पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। सरकार की यह पहल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं के प्रति संवेदनशीलता दर्शाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button