Uttar Pradesh

एक साथ 69 हजार स्मार्टफोन, 1.33 लाख उपकरण व हजारों नौकरियां, योगी सरकार का महिला सशक्तीकरण प्लान

मुख्यमंत्री कल आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मुख्य सेविकाओं को देंगे कई सौगातें, आंगनबाड़ी सेवाओं को हाईटेक बनाने के साथ रोजगार, इंफ्रास्ट्रक्चर और पोषण मिशन को नई रफ्तार देने की तैयारी

लखनऊ, 29 मार्च 2026:

यूपी में महिला सशक्तीकरण, बाल विकास और रोजगार सृजन को नई दिशा देने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ सोमवार को लखनऊ के लोकभवन सभागार से एक बड़े अभियान की शुरुआत करने जा रहे हैं। इस मेगा कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सेवाओं को तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के साथ हजारों नियुक्तियां और बड़े पैमाने पर इंफ्रास्ट्रक्चर विकास की आधारशिला रखी जाएगी।

बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की निदेशक सरनीत कौर ब्रोका के अनुसार मुख्यमंत्री 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस वितरित करेंगे। इसमें स्टैडियोमीटर, इन्फैंटोमीटर और मदर-चाइल्ड वेटिंग स्केल शामिल हैं। खास बात यह है कि पूरे प्रदेश में 1,33,282 स्टैडियोमीटर, 10,553 इन्फैंटोमीटर और 58,237 वेटिंग स्केल वितरित किए जाएंगे। इससे बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की निगरानी पहले से कहीं अधिक सटीक हो सकेगी।

कार्यक्रम में मिशन रोजगार के तहत नियुक्ति पत्र वितरण भी प्रमुख आकर्षण रहेगा। मुख्यमंत्री 10 नवचयनित कार्यकर्ताओं को नियुक्ति पत्र देंगे। 46 जिलों में 739 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और 42 जिलों में 15,203 सहायिकाओं को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से नियुक्तियां दी जाएंगी।

डिजिटल सशक्तीकरण की दिशा में भी बड़ा कदम उठाते हुए 10 कार्यकर्ताओं और मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन दिए जाएंगे। इसके साथ ही प्रदेशभर में 69,794 कार्यकर्ताओं को स्मार्टफोन वितरण अभियान की शुरुआत होगी। इससे डेटा संग्रहण, मॉनिटरिंग और योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और गति आएगी।

इसी कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों के नए डिजाइन का विमोचन भी किया जाएगा। इसकी प्रति भवन लागत करीब 30.32 लाख रुपये है। साथ ही 13 जिलों में 633 केंद्र, 28 जिलों में 71 परियोजना कार्यालय और अन्य निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया जाएगा।

इसके अलावा 70 जिलों में 2,468 आंगनबाड़ी केंद्रों और 29 जिलों में 69 परियोजना कार्यालयों का लोकार्पण भी होगा। इन परियोजनाओं पर हजारों करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे प्रदेश में बुनियादी ढांचा मजबूत होने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button