Lucknow City

यूपी : अनुसूचित जाति छात्रों के लिए बनेंगे आधा दर्जन आधुनिक हॉस्टल… पहली किस्त जारी

पीएम-अजय योजना के तहत चार जिलों में शुरू होगा निर्माण व मरम्मत का काम, रहने के साथ पढ़ाई का माहौल, लाइब्रेरी, मेस और सुरक्षा जैसी सुविधाएं मिलेंगी

लखनऊ, 27 मार्च 2026:

उत्तर प्रदेश में अनुसूचित जाति के छात्र-छात्राओं के लिए आधुनिक हॉस्टल बनाने की दिशा में काम शुरू हो गया है। इसके लिए 6.15 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की गई है। यह पहल केंद्र सरकार की पीएम-अजय योजना के तहत की जा रही है, जिसमें 12.30 करोड़ रुपये मंजूर हैं।

बता दें कि राज्य सरकार शिक्षा और आवासीय दोनों सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दे रही है। इस पहल से ऐसे छात्रों को सहारा मिलेगा जो दूर के इलाकों से पढ़ाई के लिए शहरों में आते हैं और उन्हें रहने में परेशानी होती है। इस योजना के तहत नए हॉस्टल बनाने के साथ कुछ जगहों पर मरम्मत का काम भी किया जाएगा। मकसद यह है कि दूर-दराज के इलाकों से पढ़ने आने वाले छात्रों को रहने और पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिल सके।

निर्माण का काम जौनपुर, सुल्तानपुर और हाथरस में एक-एक हॉस्टल और फिरोजाबाद में तीन हॉस्टल के रूप में किया जाएगा। इन सभी जगहों पर कैंपस को इस तरह तैयार किया जाएगा, जहां छात्रों को बुनियादी सुविधा के साथ पढ़ाई के लिए सही माहौल भी मिले। हॉस्टल्स में सुसज्जित कमरे, साफ-सुथरी मेस, मनोरंजन कक्ष, अच्छी लाइब्रेरी, सुरक्षा के लिए गार्ड रूम और अधीक्षक के रहने की व्यवस्था होगी। कोशिश है कि ये हॉस्टल सिर्फ रहने की जगह न होकर पढ़ाई और तैयारी का एक बेहतर केंद्र बनें।

समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण ने बताया कि निर्माण प्रक्रिया में पारदर्शिता रखने के लिए धनराशि तय सिस्टम के जरिए जारी की गई है। काम को तय समय में और सही गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि छात्रों को जल्द इसका फायदा मिल सके।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button