लखनऊ, 16 मार्च 2026:
उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी ने वर्ष 2021 से 2024 तक के अकादमी पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। अकादमी के अध्यक्ष प्रो. जयंत खोत ने बताया कि ये पुरस्कार संगीत, नृत्य, नाटक और लोक कलाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कलाकारों को दिए जाते हैं। इसके साथ ही रंगमंच के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कलाकारों को बीएम शाह पुरस्कार और सफदर हाशमी पुरस्कार से भी सम्मानित किया जाएगा।
वर्ष 2021 के अकादमी पुरस्कार के लिए शास्त्रीय गायन में पं. दीनानाथ मिश्रा, लोक गायन में श्रीकांत वैश्य, नक्कारा वादन में कानपुर के प्रभु दयाल और शहनाई वादन में वाराणसी के जवाहर लाल का चयन किया गया है। रंगमंच निर्देशन के लिए भूमिकेश्वर सिंह, तकनीकी प्रकाशन के लिए जगमोहन रावत, नौटंकी निर्देशन के लिए राजकुमार श्रीवास्तव और नाट्य लेखन के लिए विजय पंडित को सम्मानित किया जाएगा। कला उन्नयन में मथुरा के मोहन स्वरूप भाटिया और वाराणसी की माला होम्बल तथा नृत्य में मथुरा-वृंदावन की भरतनाट्यम नृत्यांगना प्रतिभा शर्मा को पुरस्कार मिलेगा। सफदर हाशमी पुरस्कार रीवा के मनोज मिश्रा और बीएम शाह पुरस्कार दिल्ली के सतीश आनन्द को दिया जाएगा।
वर्ष 2022 के लिए शास्त्रीय गायन में आनन्द कुमार मलिक, लोक गायन में माधुरी शर्मा, कथक नृत्य में लखनऊ के पं. अनुज मिश्रा, पखावज वादन में शशिकांत पाठक और तबला वादन में प्रयागराज के पंकज कुमार श्रीवास्तव को सम्मानित किया जाएगा। गिटार वादन में सुनील पावगी, बांसुरी वादन में मोहन लाल कुंवर, रंगमंच अभिनय में मंजू कौशल और कठपुतली तकनीक में मेराज आलम का चयन हुआ है। सफदर हाशमी पुरस्कार नई दिल्ली के राजेश सिंह और बीएम शाह पुरस्कार भोपाल के कमल जैन को मिलेगा।
वर्ष 2023 में शास्त्रीय गायन के लिए डॉ. रामशंकर, सुगम गायन के लिए मनोज गुप्ता और लोक गायन के लिए राकेश श्रीवास्तव का चयन हुआ है। कथक नृत्य में लखनऊ की डॉ. आकांक्षा श्रीवास्तव, तबला वादन में अनूप बनर्जी और बांसुरी वादन में चेतन कुमार जोशी को सम्मानित किया जाएगा। सफदर हाशमी पुरस्कार गाजियाबाद के अजय कुमार और बीएम शाह पुरस्कार गोरखपुर के रविशंकर खरे को मिलेगा।
वर्ष 2024 के लिए शास्त्रीय गायन में रीतेश-रजनीश मिश्रा, सुगम गायन में मुक्ता चटर्जी और लोकगायन (आल्हा) में रामस्थ पाण्डेय को चुना गया है। लोक नृत्य में सुगम सिंह शेखावत, दुक्कड़ वादन में मंगल प्रसाद, वायलिन वादन में सुखदेव मिश्रा और सितार वादन में वाराणसी के राजेश शाह को सम्मानित किया जाएगा। रंगमंच निर्देशन में सुषमा शर्मा और अभिनय में रविकांत शुक्ला ‘शिब्बू’ को पुरस्कार मिलेगा। सफदर हाशमी पुरस्कार लखनऊ के शुभदीप राहा और बीएम शाह पुरस्कार भोपाल के संजय मेहता को प्रदान किया जाएगा। प्रो. जयंत खोत ने बताया कि जल्द ही एक विशेष समारोह आयोजित कर सभी चयनित कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा।






