लखनऊ, 31 जनवरी 2026:
योगी सरकार में जगहों के नाम बदलने का सिलसिला जारी है। यूपी में पहले ही कई जगहों के नाम बदले जा चुके हैं। इसी क्रम में दो और जगहों के नाम बदले गए हैं। इसमें हरदोई व फिरोजाबाद के गांव शामिल है।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को हरदोई जिले के विकास खण्ड भरावन की ग्राम पंचायत हाजीपुर का नाम परिवर्तित कर सियारामपुर कर दिया है। वहीं जनपद फिरोजाबाद की तहसील शिकोहाबाद स्थित ग्राम पंचायत वासुदेवमई के अन्तर्गत ग्राम उरमुरा किरार का नाम परिवर्तित कर हरिनगर करने का निर्णय लिया है।
बता दें कि इससे पहले सीएम ने राज्य में सांस्कृतिक पहचान को पुनर्स्थापित करने के लिए कई गांवों और शहरों के नाम बदले हैं। उन्होंने कुशीनगर के फाजिलनगर का नाम ‘पावा नगरी’ किया था। इसके साथ ही, लखीमपुर खीरी के मुस्तफाबाद का नाम ‘कबीरधाम’ और गोरखपुर के मुंडेरा बाजार का नाम ‘चौरी-चौरा’ कर दिया था। उनके द्वारा बड़े फेरबदल में फैजाबाद को अयोध्या और इलाहाबाद को प्रयागराज करना शामिल है।






