लखनऊ, 25 जनवरी 2026:
उत्तर प्रदेश सरकार की रोजगार से जुड़ी योजनाओं को आम लोगों तक जल्दी और आसान तरीके से पहुंचाने के लिए यूपी इंडस्ट्रियल कंसल्टेंट्स लिमिटेड यानी यूपीकॉन ने डिजिटल अवेयरनेस कैंपेन शुरू किया है। इस अभियान के जरिए विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, एक जनपद-एक उत्पाद (ओडीओपी) प्रशिक्षण कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) योजना और ओडीओपी मार्जिन मनी योजना की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंचाई जा रही है।
यूपीकॉन राज्य में उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली सरकारी संस्था है, जो युवाओं को अपना काम शुरू करने के लिए मदद और प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराती है। यूपीकॉन के एमडी प्रवीण सिंह के मुताबिक, आज के दौर में जानकारी तेजी से फैलती है, इसलिए अभियान को सोशल मीडिया आधारित रखा गया है।
मकसद यह है कि योजनाओं की जानकारी सीधे युवाओं, कारीगरों और नए कारोबार शुरू करने की सोच रखने वालों तक पहुंचे। उन्होंने बताया कि इस पहल में सिर्फ प्रचार नहीं किया जा रहा, बल्कि पात्र लोगों को यह भी समझाया जा रहा है कि योजना का फायदा कैसे मिलेगा, आवेदन की प्रक्रिया क्या है और ट्रेनिंग का तरीका कैसे काम करता है।
अभियान से जुड़े सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स
यूपीकॉन की ओर से इस डिजिटल कैंपेन में अलग-अलग जिलों के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को जोड़ा गया है। अब तक 15 जिलों में यह अभियान चलाया जा चुका है। इन्फ्लुएंसर्स ने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना और ओडीओपी प्रशिक्षण से जुड़े वीडियो तैयार किए, जिनमें ट्रेनिंग की प्रक्रिया, लाभार्थियों के अनुभव और योजना के फायदे आसान भाषा में बताए गए। इन्हें इंस्टाग्राम रील्स के साथ फेसबुक और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर भी साझा किया गया, जिससे अभियान की पहुंच बढ़ी।
11 लाख से ज्यादा लोगों तक पहुंच
यूपीकॉन के मुताबिक, इस अभियान के जरिए इंस्टाग्राम पोस्ट और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से अब तक 11 लाख से अधिक लोगों तक सीधी पहुंच बन चुकी है। इसमें युवाओं को स्वरोजगार के मौके, कारीगरों को नई ट्रेनिंग और वित्तीय मदद की जानकारी, जबकि उद्यमियों को सरकारी सहयोग और सब्सिडी से जुड़ी बातें बताई जा रही हैं। इसके असर से योजनाओं को लेकर जागरूकता बढ़ी है और लोगों की भागीदारी भी बढ़ रही है।
बाकी जिलों में भी जारी रहेगा अभियान
यूपीकॉन ने बताया कि जिन जिलों में अभी अभियान नहीं पहुंचा है, वहां भी इसे आगे बढ़ाया जा रहा है। लगातार काम चल रहा है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंच सके। यह डिजिटल कैंपेन सरकार की उस सोच को आगे बढ़ा रहा है, जिसमें हर युवा आत्मनिर्भर बने और पारंपरिक हुनर व स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिले।






