योगेंद्र मलिक
देहरादून, 30 दिसंबर 2025:
नववर्ष 2026 के मौके पर उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर राज्य सरकार ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों से कहा है कि 30 दिसंबर से 5 जनवरी तक पूरे प्रदेश में यातायात व्यवस्था और कानून व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि पर्यटकों और आम लोगों को कोई दिक्कत न हो।
सीएम धामी ने सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में अफसरों को निर्देश दिए कि राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह मजबूत रखी जाए। उन्होंने साफ कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में अपराध करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि चेकिंग के दौरान आम जनता और पर्यटकों को बेवजह परेशान न किया जाए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि नए साल पर प्रदेश के प्रमुख पर्यटक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए। पुलिस द्वारा नियमित रात की गश्त की जाए और वरिष्ठ अधिकारी खुद फील्ड में जाकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें। सभी जिलों में यातायात प्रबंधन, पार्किंग की व्यवस्था और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। शराब के ठेकों के आसपास भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने देहरादून में सड़कों पर हो रहे अतिक्रमण पर सख्ती दिखाते हुए जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस, परिवहन विभाग और एमडीडीए की संयुक्त टीम बनाकर लगातार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अन्य जिलों में भी जहां सड़क पर अतिक्रमण की समस्या है, वहां नियमित कार्रवाई करने को कहा गया है।
सीएम ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में स्थित होटल और रिसॉर्ट्स में फायर सेफ्टी और अन्य जरूरी इंतजामों की जांच करने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस को 5 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचना चाहिए। शीतकालीन यात्रा को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं। पर्यटकों की सुविधा के लिए सूचना केंद्र, स्ट्रीट लाइट और ठंड को देखते हुए अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
धामी ने सफाई व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान देने और प्लास्टिक मुक्त उत्तराखंड के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान में सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों के साथ आम लोगों का सहयोग लिया जाए। बैठक में अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ सहित शासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी जिलों के अधिकारी और पुलिस अधिकारी वर्चुअल माध्यम से भी जुड़े।






