Uttarakhand

उत्तराखंड : पश्चिमी विक्षोभ से लौटी ठंड, मैदानी इलाकों में हल्की बारिश, पहाड़ों पर बर्फबारी का अलर्ट

बादल छाने के साथ चल रहीं ठंडी हवाएं, अचानक बदले मौसम के कारण लोगों को फिर से गर्म कपड़े निकालने पड़े

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 19 फरवरी 2026:

उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। पिछले हफ्ते तेज धूप और बढ़ती गर्मी से परेशान लोगों को अब ठंडी हवाओं ने राहत दी है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान गिरा है और हल्की ठिठुरन महसूस होने लगी है।

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जैसे मैदानी इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। पिछले सप्ताह तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंच गया था। मंगलवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से करीब छह डिग्री ज्यादा था।
बुधवार से मौसम में बदलाव शुरू हुआ और बादलों के साथ ठंडी हवाएं चलने लगीं।

गुरुवार को अधिकतम तापमान गिरकर 23.5 डिग्री और न्यूनतम 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर के कुछ हिस्सों में अधिकतम 24.7 और न्यूनतम 14.1 डिग्री तापमान रहा। अचानक बदले मौसम के कारण लोगों को फिर से गर्म कपड़े निकालने पड़े।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों के मुताबिक उत्तर-पश्चिम हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर रहा यह पश्चिमी विक्षोभ अगले 24 से 48 घंटों तक सक्रिय रह सकता है। चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग के 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

अगले दो दिनों तक धूप और बादलों का सिलसिला जारी रहेगा। सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ सकती है। मौसम में आए इस बदलाव से पर्यटन गतिविधियों पर असर पड़ सकता है, वहीं रबी फसलों के लिए यह बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button