पंकज
काकोरी (लखनऊ), 9 अप्रैल 2026
राजधानी स्थित काकोरी इलाके के मदारपुर गांव में गुरुवार सुबह एक महिला का शव मिला। करीब 35 साल की महिला के शरीर पर कपड़े अस्त-व्यस्त व चोट के निशान मिले। इससे साफ था कि उसने मरने से पहले हमलावरों से जमकर संघर्ष किया। ऐसे में हत्या से पहले उसके साथ रेप की आशंका जताई जा रही है।
सुबह मदारपुर गांव में जब चहल पहल शुरू हुई तो लगभग 8 बजे खेत के आसपास से गुजरे लोगों की नजर रफीक के खेत में महिला के शव पर पड़ी। मौके पर भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। ग्राम पंचायत इब्राहिमगंज के प्रधान शकील के मुताबिक महिला के शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। खासकर दोनों हाथों पर लाठी-डंडों से मारपीट के गहरे निशान दिखाई दे रहे हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला ने हमलावरों से बचने की कोशिश की होगी।

मौके की हालत भी बता रही है कि ये सिर्फ हत्या नहीं है। महिला मैक्सी पहने थी और नंगे पैर थी। उसका पेटीकोट और दुपट्टा शव के पास ही पड़े मिले, जिससे घटना को लेकर शक और गहरा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एडीसीपी धनंजय कुशवाहा के साथ काकोरी, पारा और दुबग्गा थानों की टीम ने मौके की जांच की। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाए।
फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के जिलों में उसकी फोटो भेजकर पहचान कराने की कोशिश कर रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। फिलहाल इलाके के लोगों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है।






