लखनऊ, 8 मार्च 2026:
नगर निगम मुख्यालय के सामने स्थित झंडी वाला पार्क में रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर खास कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर निगम की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक गतिविधियां, खेल प्रतियोगिताएं और सम्मान समारोह रखे गए।
खेल और रचनात्मक प्रतियोगिताओं से बना उत्सव जैसा माहौल
महिला दिवस के मौके पर कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें रस्साकसी, रंगोली, म्यूजिकल चेयर, बैलून रेस, लेमन रेस, मेहंदी और बिंदी प्रतियोगिता शामिल रहीं। इन प्रतियोगिताओं में महिला पार्षद, जोनल अधिकारी, स्कूलों की प्रिंसिपल, शिक्षिकाएं, एसएफआई, सुपरवाइजर, सफाई मित्र, छात्राएं और अन्य महिला कर्मचारी बढ़-चढ़कर शामिल हुईं।
उत्कृष्ट काम करने वाली महिला कर्मियों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम में बेहतर काम करने वाली महिला चैंपियन, सुपरवाइजर और सफाई मित्रों को सम्मानित किया गया। जोन 1 से निधि, जोन 2 से शशिकला, जोन 3 से रुचि, जोन 4 से अनीता, जोन 5 से प्रीति यादव, जोन 6 से ज्योति, जोन 7 से माया और जोन 8 से शालिनी को सम्मान देकर उनका हौसला बढ़ाया गया।

म्यूजिकल चेयर और बैलून रेस में दिखा उत्साह
म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में एसएफआई रश्मि ने पहला स्थान हासिल किया। छात्रा पारुल दूसरे और शिक्षिका अंजली तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं बैलून रेस में सेल्फ हेल्प ग्रुप की कुमकुम ने पहला, प्रिया ने दूसरा और अंकिता ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
रंगोली और अन्य प्रतियोगिताओं में भी दिखी प्रतिभा
लेमन रेस में एसएफआई योगिता पहले स्थान पर रहीं, अभिलाषा दूसरे और एसएफआई विजेता तीसरे स्थान पर रहीं। रंगोली प्रतियोगिता में जोन 3 की सविता ने पहला, जोन 5 की रौशनी ने दूसरा और जोन 1 की रेनू ने तीसरा स्थान हासिल किया। बिंदी प्रतियोगिता में चिल्ड्रन पैलेस स्कूल की शिक्षिका सारिका सिंह को पहला पुरस्कार मिला।
महापौर ने स्टॉल देखे, खेलों में भी लिया हिस्सा
कार्यक्रम के दौरान महापौर सुषमा खर्कवाल ने परिसर में लगाए गए अलग-अलग स्टॉलों का भी जायजा लिया और प्रतिभागियों से बातचीत की। उन्होंने कुछ खेल प्रतियोगिताओं में खुद भी हिस्सा लिया। महापौर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस सिर्फ उत्सव का दिन नहीं बल्कि महिलाओं की ताकत, हुनर व योगदान को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने नगर निगम की महिला अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाई मित्रों की सराहना करते हुए कहा कि शहर की स्वच्छता और विकास में महिलाओं की अहम भूमिका है। कार्यक्रम में नगर निगम की उपाध्यक्ष कार्यकारिणी चरनजीत गांधी, कार्यकारिणी सदस्य गौरी सांवरिया और पिंकी रावत भी शामिल रहीं।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में नगर आयुक्त गौरव कुमार, पार्षद रेखा सिंह, योगिता यादव, पूजा जसवानी, मुस्कान भारती, रजनी यादव, कल्पना वर्मा, अभिलाषा कटियार और प्रियंका बाजपेयी भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं। इसके अलावा पूर्व पार्षद स्नेहलता सिंह राठौड़, उपनगर आयुक्त रश्मि भारती व सहायक नगर आयुक्त शिल्पा कुमारी शामिल हुए। संचालन शालिनी अग्रवाल ने किया।






