खेल डेस्क, 5 फरवरी 2026:
विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) आज अपने अंजाम की दहलीज पर पहुंच चुका है और इसका फाइनल मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेला जाएगा। यह मुकाबला वडोदरा के कोटांबी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे शुरू होगा। आज का मुकाबला बहुत दिलचस्प होने वाला क्योंकि दिल्ली की टीम के पास आज वह मौका है जो, उसका सपना पूरा कर सकता है।
RCB फिर इतिहास रचने के इरादे से उतरेगी
RCB ने 2024 में पहली बार WPL ट्रॉफी जीतकर इतिहास बनाया था। अब टीम दूसरी बार फाइनल में पहुंची है और उसका लक्ष्य लगातार दूसरा खिताब जीतना है। इस सीजन लीग स्टेज में RCB ने शानदार प्रदर्शन किया और पॉइंट्स टेबल में टॉप पर रहते हुए सीधे फाइनल में जगह बनाई।
दिल्ली चौथी बार फाइनल में, पहली ट्रॉफी की तलाश
दिल्ली कैपिटल्स लगातार चौथी बार WPL के फाइनल में खेल रही है, लेकिन टीम अब तक खिताब नहीं जीत पाई है। इस बार DC ने एलिमिनेटर में गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से हराकर फाइनल का टिकट कटाया है। टीम इस बार अपना इंतजार खत्म करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
पिछली हार का बदला लेने का मौका
RCB और DC इससे पहले 2024 के फाइनल में आमने सामने आई थीं। उस मुकाबले में RCB ने दिल्ली को 8 विकेट से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। ऐसे में आज का मुकाबला दिल्ली के लिए उस हार का बदला लेने का भी मौका होगा।

आंकड़ों में दिल्ली आगे, फाइनल में RCB मजबूत
अब तक WPL में RCB और DC के बीच कुल 9 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से दिल्ली कैपिटल्स ने 6 मैच जीते हैं, जबकि RCB को 3 मैचों में जीत मिली है। मौजूदा सीजन के लीग स्टेज में दोनों टीमों ने एक एक मैच जीता था।
स्मृति के बल्ले से बदल सकता है मुकाबला
RCB की कप्तान स्मृति इस सीजन शानदार फॉर्म में चल रही हैं। उन्होंने 8 मैचों में 48.33 के औसत से 290 रन बनाए हैं और फिलहाल रन लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। पहले नंबर पर मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत कौर हैं, जिनके नाम 342 रन हैं। स्मृति को ऑरेंज कैप के लिए फाइनल में 53 रन और बनाने होंगे। गेंदबाजी में RCB की ओर से नदीन डी क्लर्क सबसे आगे हैं।
नंदिनी के दो विकेट और बना सकते हैं रिकॉर्ड
दिल्ली कैपिटल्स की गेंदबाज नंदिनी शर्मा पर्पल कैप की दौड़ में दूसरे स्थान पर हैं। गुजरात जायंट्स की सोफी डिवाइन 17 विकेट के साथ टॉप पर हैं, जबकि नंदिनी के नाम 16 विकेट हैं। उन्हें पहले स्थान पर पहुंचने के लिए फाइनल में 2 विकेट और लेने होंगे। नंदिनी DC की सबसे सफल गेंदबाज हैं। बल्लेबाजी में लिजेल ली ने 9 मैचों में 283 रन बनाए हैं।
वडोदरा की पिच और मौसम तय करेंगे चाल
कोटांबी स्टेडियम की पिच सीजन की शुरुआत में धीमी रही थी, लेकिन अब यह बल्लेबाजों के लिए बेहतर हो चुकी है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 150 से 160 रन के बीच रहा है और लक्ष्य का पीछा करना आसान माना जा रहा है। स्पिनर्स को थोड़ी मदद मिल सकती है। टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है। मौसम की बात करें तो आज वडोदरा में तेज गर्मी रहेगी। न्यूनतम तापमान 21 डिग्री और अधिकतम 33 डिग्री के आसपास रह सकता है। राहत की बात है कि बारिश की कोई संभावना नहीं है।






