Lucknow City

योगी ने नर्सिंग ऑफिसर्स को सौंपे नियुक्ति पत्र , कहा…9 साल में 9 लाख नौकरियां देकर यूपी बना ग्रोथ इंजन

लखनऊ के लोकभवन में 665 नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र दिए गए, भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर जोरअफवाहों और दुष्प्रचार से सावधान रहने की अपील, नोएडा को निवेश का बड़ा केंद्र बताया

लखनऊ, 29 मार्च 2026:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में करीब 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। इससे प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत हुई है और राज्य की अर्थव्यवस्था को गति मिली है। उन्होंने कहा कि जो यूपी कभी बीमारू राज्य माना जाता था, वही अब देश की इकोनॉमी को आगे बढ़ाने वाला अहम इंजन बन गया है।

मुख्यमंत्री लोकभवन में डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में 665 नवचयनित नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र देने के कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने 20 अभ्यर्थियों को खुद नियुक्ति पत्र सौंपे। कार्यक्रम में मौजूद युवाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए।

WhatsApp Image 2026-03-29 at 8.35.31 PM

सीएम ने कहा कि अब भर्ती प्रक्रिया में हर स्तर पर सख्त निगरानी होती है, जिससे गड़बड़ी की गुंजाइश खत्म हो गई है। पहले युवाओं के सामने पहचान का संकट था, अब वह खत्म हो चुका है।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एक समय यह इलाका क्राइम कैपिटल के रूप में बदनाम था, लेकिन अब यह देश-दुनिया के निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है। जेवर में बन रहा एशिया का बड़ा एयरपोर्ट इसका उदाहरण है, जिससे बड़ी संख्या में रोजगार के मौके पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रेटर नोएडा में मेडिकल डिवाइस पार्क, फिल्म सिटी, टॉय पार्क और सेमीकंडक्टर यूनिट जैसे बड़े प्रोजेक्ट आ रहे हैं। उनका कहना था कि पहले ऐसी योजनाओं की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी।

अफवाहों पर सख्त रुख दिखाते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग झूठी खबरें फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। गैस सिलेंडर में कम गैस मिलने या लॉकडाउन जैसी बातें पूरी तरह बेबुनियाद हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिना जांचे-परखे किसी बात पर भरोसा न करें। उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया के कई देशों में आर्थिक अस्थिरता है, लेकिन भारत लगातार आगे बढ़ रहा है। इसका कारण मजबूत नेतृत्व और स्पष्ट नीतियां हैं।

WhatsApp Image 2026-03-29 at 8.35.31 PM (1)

कानून व्यवस्था और तकनीकी ढांचे पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि अब प्रदेश के सभी जिलों में साइबर थाने और हर थाने में साइबर हेल्प डेस्क काम कर रही है। फॉरेंसिक जांच को मजबूत करने के लिए नई लैब और मोबाइल यूनिट्स भी बनाई गई हैं।

स्वास्थ्य सेवाओं पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पहले मेडिकल कॉलेजों की हालत खराब थी, लेकिन अब तेजी से सुधार हुआ है। लोहिया संस्थान में 350 से ज्यादा रोबोटिक सर्जरी हो चुकी हैं और इसे आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button