Uttar Pradesh

बिका हुआ फ्लैट दूसरे को बेच दिया, कोर्ट से नोटिस मिलने पर हुआ खुलासा

गाजियाबाद,7 नवंबर 2024

अगर आप प्रॉपर्टी खरीद रहे हैं, तो कीमत का भुगतान करने से पहले उसकी पूरी पेपर वर्क जांच लें और यह सुनिश्चित कर लें कि संपत्ति पहले किसी अन्य को बेची नहीं गई हो। शालीमार गार्डन में रहने वाले एक व्यक्ति ने चार साल पहले 29.96 लाख रुपये में बेहरामपुर में एक फ्लैट खरीदा और उसमें रहने भी शुरू कर दिया था।

चार साल बाद पता चला कि वह फ्लैट पहले किसी और को बेचा जा चुका था और उसकी रजिस्ट्री भी हो चुकी थी। जब पीड़ित ने प्रॉपर्टी मालिक से शिकायत की, तो वह धमकी देने लगा। इस मामले में पीड़ित ने शालीमार गार्डन में दंपती के खिलाफ ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

शालीमार गार्डन के रचित अरोड़ा ने 2020 में जयप्रकाश अग्रवाल और उनकी पत्नी संध्या अग्रवाल से 29.96 लाख रुपये में बेहरामपुर में फ्लैट खरीदा और रजिस्ट्री अपने नाम करवाई थी। वह 2020 से उस फ्लैट में रह रहे थे, लेकिन मंगलवार को कोर्ट से कुछ लोग उनके फ्लैट पर पहुंचे और बताया कि जयप्रकाश और संध्या ने 2019 में उस फ्लैट का एग्रीमेंट संतोष कुमार से किया था, और मई में फ्लैट की रजिस्ट्री संतोष के नाम हो गई थी।

पीड़ित रचित अरोड़ा ने जब ठगी का पता चलने पर जयप्रकाश और संध्या अग्रवाल से रुपये वापस मांगे, तो उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस आयुक्त से कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस आयुक्त के आदेश पर शालीमार गार्डन पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े आरके शर्मा ने सलाह दी है कि प्रॉपर्टी खरीदने से पहले उसकी पूरी जांच करें, जैसे जीडीए से अप्रूवल और रजिस्ट्री की स्थिति की जांच कराना, ताकि किसी ठगी का शिकार न हों।

Advertisement

ये भी पढ़ें  अंततः पकड़ में आ ही गया जंगल का ये बदमाश !

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link