Lucknow City

गोमती रिवर फ्रंट पर गूंजेगा इतिहास : चमकेगी विरासत, लखनऊ को 266 करोड़ की 120 परियोजनाओं की सौगात

25 करोड़ से शुरू होगा वॉटर लेजर लाइट एंड साउंड शो, बटलर पैलेस में बनेगी आधुनिक लाइब्रेरी, 150 पार्कों में झूले और कई इलाकों में ओपन जिम

लखनऊ, 1 जुलाई 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के गोमती रिवर फ्रंट पर जल्द ही पर्यटकों और शहरवासियों को विश्वस्तरीय वॉटर लेजर लाइट एंड साउंड शो का रोमांच देखने को मिलेगा। इस अत्याधुनिक शो में प्रदेश के गौरवशाली इतिहास, लखनऊ की कला, संस्कृति और नवाबी विरासत को लेजर तकनीक के जरिए आकर्षक अंदाज में पेश किया जाएगा। इसके लिए 25 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

लखनऊ के कमिश्नर विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में हुई अवस्थापना विकास निधि की बैठक में 266 करोड़ रुपये की लागत वाली 120 विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। बैठक में एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने प्रस्तावित योजनाओं का ब्योरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि शहर की अग्निशमन व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए 68 करोड़ रुपये की लागत से दो आधुनिक हाईड्रॉलिक प्लेटफार्म खरीदे जाएंगे। ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के तहत यूटिलिटी शिफ्टिंग और अन्य कार्यों पर 15 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
lucknow-gomti-river-front-water-laser-light-sound-show-development-projects (2)

शहरवासियों की फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए कानपुर रोड योजना, आशियाना, सरोजनीनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों के पार्कों में 10.67 करोड़ रुपये की लागत से ओपन जिम स्थापित किए जाएंगे। ग्राम सदरौना में करीब 10 करोड़ रुपये से अवस्थापना सुविधाओं का विकास होगा। कैटिल कॉलोनी और लोकबन्धु चौराहे से एलडीए पार्किंग स्थल तक आरसीसी नालों का निर्माण कराया जाएगा।

लखनऊ की ऐतिहासिक धरोहर बटलर पैलेस में करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक लाइब्रेरी विकसित की जाएगी। इसके अलावा कमता अंडरपास, होटल ताज अंडरपास और पिकप भवन अंडरपास सहित कई स्थानों पर 5.50 करोड़ रुपये की लागत से फसाड लाइटिंग और क्लेडिंग का कार्य होगा। वहीं, शहर के 150 पार्कों में 6 करोड़ रुपये खर्च कर बच्चों के लिए नए झूले लगाए जाएंगे। इन परियोजनाओं के जरिए लखनऊ को आधुनिक सुविधाओं, बेहतर नागरिक सेवाओं और पर्यटन के नए आकर्षणों से लैस करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button