Barabanki City

खेतों की रखवाली में दोस्त की कर रहा था मदद, अचानक ये हुआ, दोनों की जान गई

खेत को छुट्टा पशुओं से बचाने के लिए लगा रहे थे झटका मशीन, 11 हजार वोल्ट लाइन से तार छूते ही हुआ हादसा, दोनों को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, दो युवकों की मौत से गांव में मातम का माहौल

बाराबंकी, 2 जुलाई 2026:

बाराबंकी जिले के सतरिख क्षेत्र के मोहद्दीपुर गांव में खेत में झटका मशीन लगाते समय हुए हादसे में दो युवकों की करंट लगने से मौत हो गई। दोनों दोस्त खेत के चारों ओर तार बांध रहे थे। इसी दौरान तार उछलकर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से छू गया। करंट की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों ने हाईटेंशन लाइन नीचे लटकने व मौके पर विभाग का कोई अफसर न पहुंचने पर आक्रोश जाहिर किया।
barabanki-electrocution-incident-two-youth-died-mohaddipur-village (2)

जानकारी के मुताबिक, मोहद्दीपुर निवासी अरविंद अपने खेत को बेसहारा पशुओं से बचाने के लिए झटका मशीन लगा रहे थे। उनका दोस्त शिवम भी तार बांधने में मदद कर रहा था। अरविंद खेत के किनारे पेड़ पर चढ़कर तार बांध रहे थे, जबकि नीचे खड़े शिवम तार संभाल रहे थे। तभी दूसरे छोर का तार खुलकर हाईटेंशन लाइन से छू गया। तेज करंट दौड़ने से दोनों मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गए।

ग्रामीणों ने तुरंत परिवार वालों को सूचना दी। दोनों को फतहाबाद के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।

ये भी पढ़ें:

एक था इकलौता बेटा, दूसरे की शादी को हुआ था एक साल

अरविंद अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा 12 वर्षीय बेटी जान्हवी और 8 वर्षीय बेटा नमन हैं। वह गांव में किराने की दुकान चलाकर परिवार का खर्च उठाता था। वहीं शिवम की शादी करीब एक साल पहले हुई थी। वह गांव में कॉस्मेटिक और कॉपी-किताब की दुकान चलाता था। दोनों की मौत से गांव में शोक का माहौल है।

ग्रामीण बोले, काफी नीचे लटक रहे हैं हाईटेंशन लाइन के तार

ग्रामीणों का कहना है कि गांव की आबादी के पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के तार काफी नीचे लटक रहे हैं। इससे पहले भी हादसे की आशंका जताई जाती रही है। लोगों का आरोप है कि दो पोल के बीच तार जरूरत से ज्यादा नीचे होने की वजह से यह हादसा हुआ। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि घटना के काफी देर बाद तक विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।

READ MORE

ये भी पढ़ें  कफ सिरप जांच में खुली परतें... कागजों पर चल रहीं 22 मेडिकल फर्में पकड़ीं, अब होगी ये कार्रवाई

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button