Lucknow CityUttar Pradesh

गन्ना किसानों के लिए ‘सुरक्षा कवच’ मिशन, 6 दिन में लाखों परिवारों को बीमा-पेंशन से जोड़ने की तैयारी

यूपी में 6 से 11 जुलाई तक सभी सहकारी गन्ना विकास समितियों में चलेगा विशेष महाअभियान, एक ही स्थान पर बीमा, पेंशन, बैंकिंग सहायता और तत्काल नामांकन की सुविधा

लखनऊ, 5 जुलाई 2026:

यूपी सरकार गन्ना किसानों और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा का मजबूत कवच देने जा रही है। इसके लिए 6 से 11 जुलाई तक प्रदेशव्यापी विशेष जागरूकता एवं नामांकन महाअभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के जरिए लाखों गन्ना किसान परिवारों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई), अटल पेंशन योजना (एपीवाई) समेत केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा।

सरकार का मकसद किसानों को दुर्घटना, आकस्मिक मृत्यु और वृद्धावस्था जैसी परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है जिससे उनकी आय सुरक्षित रहे। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सके। सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक पात्र गन्ना किसान परिवारों का नामांकन सुनिश्चित कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है।

अभियान की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी प्रदेश की सभी सहकारी गन्ना विकास समितियां होंगी। वर्षों से किसानों के बीच विश्वास का केंद्र रही ये समितियां योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगी। पात्र किसानों को जागरूक करेंगी और उनका तत्काल नामांकन भी कराएंगी। इससे गन्ना समितियां किसान सेवा के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा की प्रभावी संस्थागत व्यवस्था के रूप में भी अपनी नई पहचान स्थापित करेंगी।

अभियान के दौरान हर सहकारी गन्ना विकास समिति परिसर में बैंकों, इफ्को, चीनी मिलों और अन्य सहयोगी संस्थाओं के सहयोग से विशेष सहायता एवं नामांकन काउंटर लगाए जाएंगे। यहां किसानों को योजनाओं की जानकारी, पात्रता सत्यापन, दस्तावेजों की जांच, बैंकिंग सहायता, नए बैंक खाते खोलने की सुविधा और मौके पर ही नामांकन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

इस अभियान में महिला स्वयं सहायता समूहों की भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। ग्रामीण महिला किसानों को बीमा, पेंशन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने के साथ उन्हें वित्तीय निर्णयों में अधिक सक्षम बनाने पर विशेष जोर रहेगा।

इसके अलावा गन्ना पर्यवेक्षक, समिति सचिव और विभागीय अधिकारी गांव-गांव जाकर किसानों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के साथ गन्ना विकास विभाग, इफ्को और चीनी मिलों द्वारा संचालित किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी देंगे। ग्राम सभाओं और किसान गोष्ठियों के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र परिवारों का नामांकन कर विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को नई गति देने का प्रयास किया जाएगा।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button