Lucknow CityUttar Pradesh

योगी कैबिनेट का फैसला : होमगार्डों को 5 लाख तक कैशलेस इलाज, गोरखपुर-मुरादाबाद में श्रमिक के लिए नए अस्पताल

1.60 लाख से अधिक होमगार्ड और उनके परिवार होंगे लाभान्वित, वाराणसी में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज को भी मिली मंजूरी, श्रमिकों के बच्चों के लिए 50% सीटें आरक्षित

लखनऊ, 6 जुलाई 2026:

सीएम योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को उनके सरकारी आवास पर हुई यूपी कैबिनेट की बैठक में कर्मचारियों और श्रमिकों के हित में कई अहम फैसलों पर मुहर लगी। सबसे बड़ा निर्णय प्रदेश के होमगार्ड जवानों और उनके परिवारों के लिए रहा। अब उन्हें 5 लाख रुपये तक की कैशलेस इलाज सुविधा मिलेगी। इससे करीब 1.60 लाख से अधिक होमगार्ड और उनके आश्रित परिजन लाभान्वित होंगे।

प्रदेश में वर्तमान में लगभग 1.18 लाख होमगार्ड कार्यरत हैं। इसके साथ 41 हजार नए होमगार्डों की भर्ती प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद सभी पात्र होमगार्ड और उनके परिवार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
कैबिनेट ने श्रमिकों के इलाज की व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गोरखपुर और मुरादाबाद में 100-100 बेड के ईएसआईसी अस्पताल स्थापित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी।

इन दोनों अस्पतालों के निर्माण के लिए पांच-पांच एकड़ भूमि आवंटित की गई है। इससे पूर्वांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों श्रमिकों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा वाराणसी में ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए 13 एकड़ भूमि निशुल्क आवंटित करने का फैसला भी लिया गया।
up-yogi-cabinet-decision-cashless-treatment-homeguards-esic-hospital-gorakhpur-moradabad (2)

कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में 50 प्रतिशत सीटें श्रमिकों के बच्चों के लिए आरक्षित रहेंगी। यानी कुल 50 सीटों में से 25 सीटों पर श्रमिक परिवारों के बच्चों को प्रवेश का अवसर मिलेगा। योगी सरकार के इन फैसलों को प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, श्रमिक कल्याण और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कर्मियों के सामाजिक संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button