
लखनऊ, 15 अगस्त 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के लोकभवन में उत्तर प्रदेश पुलिस के गीत खाकी का सितारा की लॉन्चिंग सीएम योगी द्वारा की गई। इस मौके पर सीएम ने यूपी में सुशासन के लिए सुरक्षित माहौल को सबसे जरूरी बताते हुए कहा कि पिछले नौ साल में प्रदेश की तस्वीर बदली है। सुरक्षा का माहौल यूपी की नई पहचान का अहम हिस्सा बना है।
शौर्य के साथ संवेदना भी जरूरी
योगी ने कहा कि पुलिस के काम में शौर्य के साथ संवेदना भी होनी चाहिए। उनके मुताबिक जहां हिम्मत होती है, वहां लोगों में सुरक्षा का भरोसा बनता है। इसके उलट डर व अराजकता का माहौल लूट, असुरक्षा जैसी स्थितियों को बढ़ावा देता है।
दंगा-कर्फ्यू से मुक्त यूपी का जिक्र
मुख्यमंत्री ने आतंकवाद, दंगे व नक्सलवाद को कायरता से जोड़ते हुए कहा कि जो सामने से मुकाबला नहीं कर सकता, वही पीछे से वार करता है। उन्होंने कहा कि यूपी पुलिस ने अपराध नियंत्रण को लेकर कई मॉडल पेश किए हैं। पिछले नौ साल में प्रदेश दंगामुक्त व कर्फ्यूमुक्त हुआ है।

फर्रुखाबाद के 22 बच्चों का किया जिक्र
योगी ने फर्रुखाबाद में 22 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने वाले पुलिस ऑपरेशन का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि बच्चे डिटोनेटर के घेरे में फंसे थे। पुलिस ने जोखिम के बीच अभियान चलाकर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान अपराधियों को मुठभेड़ में मार गिराया गया। सीएम ने कहा कि फर्रुखाबाद के इस ऑपरेशन के दौरान वह लगातार इसकी निगरानी कर रहे थे। अभियान किस तरह आगे बढ़ रहा है, इसकी जानकारी लेते रहे। उन्होंने इसे यूपी पुलिस की क्षमता व साहस से जुड़ा अहम उदाहरण बताया।
अपराधियों के लिए बदल चुका है माहौल
योगी ने कहा कि एक दौर में अपराधी पुलिस पर भारी पड़ते थे। कई लोगों को लगता था कि संख्या के बल पर वे पुलिस को पीछे धकेल सकते हैं। अब हालात बदल चुके हैं। पुलिस की कार्यशैली में बदलाव आया है और अपराधियों को यह समझना होगा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है।

लखनऊ की घटना का भी किया जिक्र, नेता या अधिकारी के बेटे को भी राहत नहीं
मुख्यमंत्री ने लखनऊ की एक पुरानी घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक व्यक्ति ने पुलिस अधिकारी को कार के बोनट पर घसीटकर ले जाने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा कि वह दौर अब खत्म हो चुका है। कानून के साथ दुस्साहस करने वाले किसी भी व्यक्ति को उसकी कीमत चुकानी होगी। योगी ने साफ कहा कि कानून के सामने किसी की पहचान या प्रभाव मायने नहीं रखता। कोई व्यक्ति नेता का बेटा हो या अधिकारी का, अगर वह कानून के खिलाफ जाएगा तो कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
नाना पाटेकर बोले- पुलिस संख्या बल नहीं नेतृत्व से लाती है परिणाम
समारोह में मौजूद मशहूर अभिनेता नाना पाटेकर भी दिखे उन्होंने सीएम योगी और यूपी की कानून व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस संख्याबल के आधार पर नहीं बल्कि सही नेतृत्व से सार्थक परिणाम लाने में कामयाब होती है। ऐसा ही यूपी में हो रहा है। सही समय पर कठोर फैसला लेने की ताकत से इतने बड़े प्रदेश की तस्वीर बदल सकी।






