
लखनऊ, 15 अगस्त 2026:
पूर्व मुख्यमंत्री व बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों को बधाई दी। अखिलेश ने संविधान की रक्षा का संकल्प लेने की बात कही तो मातावती ने संवैधानिक संस्थाओं की जिम्मेदारी को लेकर सरकार व उच्च पदों पर बैठे लोगों को नसीहत दी। उन्होंने कहा कि आजादी के जश्न के साथ संवैधानिक व कानूनी पदों पर बैठे लोगों को अपने दायित्वों के प्रति ज्यादा सचेत रहने की जरूरत है।
भाईचारे के साथ मनाएं आजादी का पर्व
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि देश व दुनिया में रहने वाले सभी भारतीय नागरिकों व उनके परिवारों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई। उन्होंने कहा कि आजादी का दिन लोग हर्ष, उल्लास, आपसी भाईचारे व मेलजोल के साथ मनाएं।
जिम्मेदारों से बढ़ी हैं जनता की उम्मीदें
मायावती ने कहा कि जनता अब देश व जनहित के प्रति संवैधानिक व कानूनी पदों पर बैठे लोगों से सही जिम्मेदारी निभाने की उम्मीद ज्यादा करने लगी है। उनके मुताबिक स्वतंत्रता दिवस जैसे मौकों पर लोगों को उम्मीद रहती है कि देश की बड़ी संवैधानिक संस्थाएं संविधान में तय चेक एंड बैलेंस की भूमिका को पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ निभाएंगी।

गरीब तबकों का भी किया जिक्र
बसपा मुखिया ने अपने संदेश में दलितों, आदिवासियों, अति-पिछड़ों, मुस्लिमों व दूसरे धार्मिक अल्पसंख्यकों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र का असली फायदा समाज के गरीबों, मजदूरों, किसानों, युवाओं, महिलाओं व दूसरे मेहनतकश लोगों तक पहुंचना चाहिए।
बेरोजगारी और भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया
मायावती ने बेरोजगारी व भ्रष्टाचार से मुक्त माहौल की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि लोगों को ऐसी जिंदगी मिलनी चाहिए जिसमें खुशी व खुशहाली हो। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर संविधान व लोकतंत्र से जुड़ी इन्हीं उम्मीदों को अपने संदेश का आधार बनाया।
अखिलेश बोले- संविधान से ही स्वाधीनता है
इधर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भी सुबह-सुबह एक्स पर लोगों को 15 अगस्त की शुभकामनाएं दीं।स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि संविधान से ही स्वाधीनता है। आज हम सब मिलकर इस स्वतंत्रता दिवस पर संविधान की रक्षा एवं निरंतरता का संकल्प लें।






