लखनऊ, 15 जून 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ के हाई सिक्योरिटी जोन में स्थित विधानभवन के पास सोमवार को हरदोई जिले से आई एक मां और उसकी बेटी ने आत्मदाह का प्रयास किया। इस घटना से हड़कंप मच गया। हालांकि मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता और तत्परता के चलते बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने दोनों महिलाओं को समय रहते रोक लिया और हजरतगंज कोतवाली पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार दोनों महिलाएं हरदोई जिले के संडीला क्षेत्र की निवासी हैं। पूछताछ में सामने आया कि उनका अपने गांव स्थित मकान को लेकर विवाद चल रहा है। साथ ही उन्होंने घर में चोरी और विरोध करने पर मारपीट किए जाने का आरोप भी लगाया है। महिलाओं का कहना है कि वे पिछले करीब एक महीने से संडीला थाने के चक्कर लगा रही हैं लेकिन उनकी शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।

पीड़ित युवती ने आरोप लगाया कि उसके चाचा ने घर में चोरी की है लेकिन पुलिस उनकी एफआईआर दर्ज करने और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने में रुचि नहीं दिखा रही है। उसने यह भी दावा किया कि परिवार के साथ मारपीट की गई और लगातार उन्हें परेशान किया जा रहा है। न्याय न मिलने और खुद को असुरक्षित महसूस करने के कारण वे अपनी फरियाद शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए लखनऊ आई थीं।
सोशल मीडिया पर सामने आए एक हस्तलिखित प्रार्थना पत्र में महिलाओं ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्र में कहा गया है कि घर में चोरी की घटना हुई, विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और यहां तक कि उन्हें जहर देने की भी कोशिश की गई। उन्होंने स्थानीय पुलिस पर प्रभावशाली लोगों के दबाव में निष्पक्ष कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री, डीजीपी समेत वरिष्ठ अधिकारियों से सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
उधर, हजरतगंज पुलिस का कहना है कि दोनों महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है। मामले के सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। हरदोई पुलिस से भी संपर्क कर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मां-बेटी पूरी तरह सुरक्षित हैं। मामले में उचित कार्रवाई की जा रही है।






