लखनऊ में LDA का बड़ा एक्शन : नादरगंज की सड़क होगी 18 मीटर चौड़ी, अटल नगर में फ्लैटों पर कब्जे की तैयारी तेज
एलडीए उपाध्यक्ष ने नादरगंज, अटल नगर और वरुण विहार योजनाओं का किया औचक निरीक्षण, 208 फ्लैटों की लॉटरी जल्द, रजनीगंधा टावर का काम 15 दिन में पूरा करने का लक्ष्य

लखनऊ, 29 अक्टूबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में विकास योजनाओं को रफ्तार देने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने की कवायद तेज कर दी है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने नादरगंज इंडस्ट्रियल एरिया, देवपुर पारा स्थित अटल नगर आवासीय योजना और आगरा एक्सप्रेसवे के पास वरुण विहार योजना का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को समयसीमा के भीतर काम पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण में सड़क चौड़ीकरण, जल निकासी, फ्लैटों पर कब्जा और भूखंडों के विकास कार्यों पर विशेष जोर दिया गया।
नादरगंज में नाले का भी होगा निर्माण
नादरगंज इंडस्ट्रियल एरिया में कान्हा गौशाला से अमौसी फ्लाईओवर तक सड़क चौड़ीकरण, सीसी रोड, इंटरलॉकिंग और नाला निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। एलडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि नादरगंज से टीएस मिश्रा यूनिवर्सिटी तक सड़क को 18 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। सड़क के किनारे इंटरलॉकिंग और गहरे नाले का निर्माण भी कराया जा रहा है जिससे आवागमन सुगम होने के साथ जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।
सड़क चौड़ीकरण की राह में कान्हा उपवन का गेट और बाउंड्री आने के कारण इन्हें पहले हटाया जाएगा। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद इनका दोबारा निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा कान्हा उपवन परिसर में कपिला गौशाला की बाउंड्री बनवाने के निर्देश भी दिए गए।
अटल नगर के आवंटियों को जल्द मिल सकता है कब्जा
देवपुर पारा स्थित अटल नगर आवासीय योजना में एमएमआईजी फ्लैटों पर आवंटियों को कब्जा देने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए। वहीं, एलआईजी-1 श्रेणी के 208 फ्लैटों की लॉटरी जल्द आयोजित कराने को कहा गया। योजना में बिजली के खंभों की शिफ्टिंग, पार्क रोड, ग्रीन बेल्ट और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने का काम जारी है।

एलडीए के मुताबिक रजनीगंधा टावर के शेष कार्य 15 दिनों के भीतर पूरे करने का लक्ष्य है। एमआईजी फ्लैटों के पास पार्किंग विकसित की जा रही है। साथ ही, वाहन पार्किंग की सुविधा बढ़ाने के लिए मल्टीलेवल कार पार्किंग का निर्माण भी जारी है।
वरुण विहार में जलभराव रोकने पर जोर
वरुण विहार योजना में भूमि समतलीकरण, मिट्टी की पुराई, सड़क की सफाई और भूखंडों के विकास कार्यों की समीक्षा की गई। उपाध्यक्ष ने जमीन को जरूरत के अनुसार करीब एक फुट ऊंचा रखकर मिट्टी भराई कराने और जल निकासी का उचित प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। योजना क्षेत्र में लगभग डेढ़ किलोमीटर सड़क की साफ-सफाई कराने को भी कहा गया। काम की नियमित निगरानी के लिए अधिकारियों की साप्ताहिक ड्यूटी निर्धारित करने के निर्देश दिए गए जिससे प्रगति की लगातार समीक्षा हो सके।






