गोरखपुर न्यूज : बाइक से गिराकर ली थी महिला की जान, रेसर बाइक से भागे बदमाश को पुलिस ने दबोचा, पैर में लगी गोली
सगाई समारोह से रात में लौट रहे दंपती के साथ हुई थी वारदात, गिरफ्तार बदमाश रवि पर पहले से दर्ज हैं चार केस, घटना की वजह तलाश रही पुलिस

गोरखपुर, 29 अक्टूबर 2026:
यूपी के गोरखपुर में बाइक से धक्का देकर महिला की जान लेने के मामले में फरार आरोपी रवि निषाद को बेलीपार पुलिस ने गुरुवार भोर में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की फायरिंग में उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। घायल आरोपी को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पहले लूट की आशंका व्यक्त की गई थी लेकिन अब ये बाइक सवार बदमाशों की जानबूझकर की गई शरारत लग रही है। फिलहाल पुलिस ठोस वजह तलाश कर रही है।
गुरुवार की भोर में कसिहार बंधे के पास की घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार भोर में मुखबिर से सूचना मिली थी कि महिला की मौत के मामले में फरार रवि निषाद कसिहार बंधे के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
बाइक से धक्का देने के बाद हुई थी महिला की मौत
मामला 24 अक्टूबर की रात का है। बेलीपार क्षेत्र के मलांव गांव निवासी संतोष पांडेय अपनी पत्नी मीरा पांडेय (54) के साथ गोरखपुर में एक मैरिज लॉन में आयोजित सगाई समारोह से घर लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे भरवल गांव के आगे पीछे से रेसर बाइक पर सवार दो युवक आए। आरोप है कि बाइक सवारों ने मीरा को धक्का मार दिया, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना के बाद संतोष ने गांव में रहने वाले अपने चचेरे भाई को फोन कर जानकारी दी। इसके बाद परिजन मीरा को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला के पति की तहरीर पर पुलिस ने दो अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। जांच के दौरान रवि निषाद का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
#gorakhpurpolice
#PoliceAction➡️हत्या का अपराध कारित करने के आरोप में अभियुक्त रवि को #PsBelipar पुलिस, एसओजी, स्वॉट, सर्विलांस व एंटी थेफ्ट टीम द्वारा पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया ।
➡️कब्जे से 01 अदद देशी तमंचा, 02 अदद जिन्दा कारतूस व 01 अदद खोखा कारतूस बरामद
➡️उक्त के संबंध में #COBansgaon द्वारा दी गयी वीडियो बाइट
#UPPolice
@dgpup @AdgGkr @adgzonegkr @diggorakhpur @AdlSPDKPuri— Gorakhpur Police (@gorakhpurpolice) October 29, 2026
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं चार मुकदमे
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान बेलीपार क्षेत्र के चंदौली बुजुर्ग निवासी रवि निषाद के रूप में की है। उसके खिलाफ चार मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। एसपी साउथ दिनेश पुरी ने भी आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
तीन बेटियों की मां थीं मीरा, दूसरे आरोपी की तलाश
मीरा पांडेय की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। उनकी तीन बेटियां हैं, जिनमें दो की शादी हो चुकी है। सबसे छोटी बेटी श्वेता गुरुग्राम में रहती हैं। मां की मौत से पूरा परिवार शोक में डूबा रहा। जिसने भी घटना सुनी ये सोचकर दंग रह गया कि बदमाशों ने सिर्फ शरारत में महिला की जान ले ली। हालांकि गोली लगने के बाद आरोपी रवि अपनी गलती के लिए माफी मांगता रहा। पुलिस टीम दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है।






