GorakhpurLucknow City

CM योगी का विपक्ष पर तीखा हमला : जाति के नाम पर बांटने वाले रावण की प्रवृत्ति से प्रेरित

गोरखपुर में विजयदशमी पर बोले मुख्यमंत्री- दुनिया में समुदाय आपस में लड़ रहे, भारत सनातन की छाया में सबको दे रहा सुरक्षा और समृद्धि, दुष्प्रचार, भ्रष्टाचार और नशे के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान

लखनऊ/गोरखपुर, 20 अक्टूबर 2026:

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विजयदशमी के अवसर पर मंगलवार को गोरखपुर में जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने वालों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग समाज की एकता को खंडित कर राष्ट्र को कमजोर करना चाहते हैं,श वे रावण की प्रवृत्ति से प्रेरित हैं। मुख्यमंत्री ने दुनिया में विभिन्न समुदायों और विचारधाराओं के बीच संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां दुनिया में मुस्लिम से मुस्लिम, कम्युनिस्ट से कम्युनिस्ट और क्रिश्चियन से क्रिश्चियन लड़ रहे हैं वहीं भारत सनातन की छाया में हर जाति, संप्रदाय, मत और मजहब को सुरक्षा देने के साथ बिना भेदभाव समृद्धि के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।

आर्यनगर रामलीला मैदान में आयोजित विजयदशमी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक चेतना और समन्वय की भावना ही उसकी असली ताकत है। देश कमजोर होता है तो उसकी सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत पर भी आघात होता है। राम जन्मभूमि, कृष्ण जन्मभूमि और काशी विश्वनाथ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अपनी परंपराओं और सम्मान की रक्षा के लिए राष्ट्र की एकता और मजबूती जरूरी है।
yogi-adityanath-vijayadashami-speech-gorakhpur (2)

‘जाति नहीं, कर्म से होती है पहचान’

सीएम योगी ने रामलीलाओं को सामाजिक समरसता का उदाहरण बताते हुए कहा कि इनमें समाज के अलग-अलग वर्गों के लोग राम, लक्ष्मण, भरत, सीता, हनुमान और निषादराज जैसे पात्रों की भूमिका निभाते हैं। किसी पात्र की जाति नहीं पूछी जाती। उसके कार्य और योगदान को महत्व दिया जाता है। उन्होंने लोगों से जाति, क्षेत्र और भाषा के आधार पर विभाजन से बचने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की अपील की।

ये भी पढ़ें:

मुख्यमंत्री ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को संकल्प और एकजुटता का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर आंदोलन के दौरान सत्ता नहीं, संकल्प प्रमुख था। रामभक्तों ने कठिनाइयों के बावजूद मंदिर निर्माण का विश्वास बनाए रखा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राम मंदिर निर्माण और अयोध्या के दीपोत्सव जैसे आयोजनों को उन्होंने देश की सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बताया।

Advertisement

रावण के दस सिर के साथ बुराइयों के अंत का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि विजयादशमी केवल रावण के दस सिर जलाने का पर्व नहीं है। समाज को अन्याय, अत्याचार, अधर्म, भ्रष्टाचार, दुराचार, दुष्प्रचार, भ्रम और नशे जैसी बुराइयों के खिलाफ भी संघर्ष का संकल्प लेना चाहिए। हनुमान जी और कालनेमि के प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि छल-कपट करने वालों की असलियत पहचानना जरूरी है। केवल राम-राम कहने से किसी की मंशा सही साबित नहीं होती, उसके आचरण और उद्देश्य को भी देखना चाहिए।

नशे के खिलाफ समाज भी आगे आए

योगी ने नशे को युवा पीढ़ी के लिए गंभीर खतरा बताते हुए कहा कि इसके खिलाफ लड़ाई केवल सरकार के भरोसे नहीं जीती जा सकती। सरकार नशे के कारोबारियों पर कार्रवाई कर रही है, लेकिन परिवारों, मोहल्लों और समाज को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने लोगों से युवाओं को नशे से बचाने, परिवार के साथ समय बिताने और धार्मिक ग्रंथों व महापुरुषों की जीवनियों के जरिए सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने की अपील की।
yogi-adityanath-vijayadashami-speech-gorakhpur (3)

रामायण के प्रसंग का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम ने लंका के वैभव के बावजूद जन्मभूमि को सर्वोपरि माना था। ‘जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी’ का संदेश देते हुए उन्होंने भारत की एकता और अखंडता के लिए प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह और आर्यनगर रामलीला समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें  5 करोड़ पौधों के महाअभियान का लक्ष्य, सिपाही भर्ती परीक्षा की शुचिता पर योगी का सख्त संदेश

Rakesh Kumar Verma

राकेश कुमार वर्मा एक वरिष्ठ पत्रकार हैं। इन्हें मीडिया जगत में लगभग 31 वर्षों का व्यापक और समृद्ध अनुभव है। इन्होंने प्रिंट और डिजिटल दोनों ही माध्यमों में कार्य करते हुए अपनी मजबूत और प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है। यूपी की राजधानी लखनऊ में स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जनसत्ता एक्सप्रेस,… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link