Gorakhpur

पूर्वांचल के खिलाड़ियों के हुनर को लगेंगे पंख… गोरखपुर में बनने जा रहा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम

सीएम योगी शनिवार को करेंगे भूमि पूजन, गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग पर बनने जा रहा स्टेडियम, लखनऊ और कानपुर में पहले से मौजूद

गोरखपुर, 13 मई 2026:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर को विश्व स्तरीय स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर की सौगात देंगे। यह उनका ड्रीम प्रोजेक्ट है। इससे गोरखपुर को विश्व स्तर पर भी पहचान मिलेगी। सीएम योगी शनिवार को प्रदेश के चौथे इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का भूमि पूजन व शिलान्यास करेंगे। इससे पहले ऐसा स्टेडियम लखनऊ और कानपुर में ही बना हुआ है। इसके अलावा वाराणसी में भी निर्माण कार्य चल रहा है।

गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग पर स्थित ताल नदोर में यह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम 392.94 करोड़ रुपये की लागत से आकार लेगा। निर्माण के लिए पहली किश्त के रूप में 63.39 करोड़ रुपये जारी हो चुके हैं और स्टेडियम बनाने के लिए एलाइनमेंट, मिट्टी भराई, लेवलिंग और बड़े निर्माण उपकरणों को लगाने का काम शुरू भी हो चुका है।

मुख्यमंत्री ने जब गोरखपुर में राज्य का चौथा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनाए जाने की मंशा जताई तो सबसे पहली आवश्यकता अंतरराष्ट्रीय मानक के अनुरूप पर्याप्त भूमि की पड़ी। इसके लिए जिला प्रशासन ने गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग पर स्थित ताल नदोर में भूमि चिह्नित की। कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग ने स्टेडियम का निर्माण 23 दिसंबर 2027 तक पूर्ण किये जाने का टारगेट किया है।

WhatsApp Image 2026-05-13 at 2.21.59 PM

गोरखपुर में बनने जा रहा यह स्टेडियम 46 एकड़ क्षेत्रफल में आकार लेगा। कुल 30 हजार दर्शक क्षमता का यह स्टेडियम ‘ग्राउंड प्लस टू फ्लोर’ के हिसाब से बनेगा। खिलाड़ियों के लिए सात प्लेइंग पिच और चार प्रैक्टिस पिच होंगी। स्टेडियम के पूर्वी और पश्चिमी स्टैंड में प्रत्येक में 14,490 दर्शक बैठ सकेंगे। नार्थ पैवेलियन मीडिया और साउथ पैवेलियन विशिष्टजन के लिए होगा। रात्रिकालीन मैच भी हो सकें, इसके लिए मेन स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मानक के चार हाई मास्ट लाइट की व्यवस्था रहेगी। यहां क्रिकेट के अलावा अन्य बड़े आयोजन भी होंगे।

गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग फोरलेन से जुड़ा यह स्थान गोरखपुर एयरपोर्ट से करीब 24 किलोमीटर की दूरी पर है और रेलवे स्टेशन से करीब 20 किलोमीटर है। ऐसे में खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए यहां पहुंचना काफी सुगम होगा।

जिलाधिकारी दीपक मीणा का कहना है कि ताल नदोर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बन जाने से गोरखपुर-वाराणसी राजमार्ग पर बहुआयामी विकास का एक नया मॉडल दिखेगा। यहां पहले से ही पशु चिकित्सा, महाविद्यालय और वृहद कान्हा गोशाला का भी निर्माण हो रहा है। बहुआयामी विकास से यहां व्यापार और सेवा क्षेत्र को भी नई ऊंचाई मिलेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button