हरेंद्र धर दुबे
गोरखपुर, 24 अप्रैल 2026:
गोरखपुर क्लब के मालिक अतुल श्रीवास्तव के बेटे अम्बरीष श्रीवास्तव ने शुक्रवार सुबह खुद को गोली मारकर जान दे दी। उनका शव कुसमी इलाके में स्थित फार्महाउस के गोदाम में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
अम्बरीष सिविल लाइंस के पार्क रोड इलाके में रहते थे, जो शहर का हाई प्रोफाइल इलाका माना जाता है। आसपास कई बड़े अधिकारियों के सरकारी आवास भी हैं। परिवार के मुताबिक वह गुरुवार रात खाना खाकर घर में सोए थे। शुक्रवार सुबह उठे और फार्महाउस जाने की बात कही। ड्राइवर को बुलाया गया, लेकिन वह नहीं पहुंचा। इसके बाद अम्बरीष करीब एक घंटे तक घर में टहलते रहे और फिर खुद ही फॉर्च्यूनर कार लेकर निकल गए।
कुसमी जंगल स्थित उनके तीन मंजिला फार्महाउस में नीचे गोदाम बना है, जहां टेंट और कुर्सी-मेज रखी जाती हैं। वहां पहुंचने के बाद अम्बरीष ने किसी को फोन किया और बात करते हुए गोदाम की तीसरी मंजिल पर चले गए। सुबह करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच गोली चलने की आवाज आई। मौके पर मौजूद कर्मचारी दौड़कर ऊपर पहुंचे तो अम्बरीष खून से लथपथ पड़े थे। गोली मुंह के पास से आर-पार हुई थी। उस समय वहां करीब चार कर्मचारी मौजूद थे।
सूचना पर पुलिस के साथ डॉग स्क्वायड भी पहुंचा और पूरे परिसर की जांच की गई। एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि पहली नजर में मामला आत्महत्या का लग रहा है। इस्तेमाल हथियार लाइसेंसी रिवॉल्वर बताया जा रहा है। मौत के कारणों की जांच की जा रही है। अम्बरीष दो भाइयों में बड़े थे। उनका छोटा भाई रानू श्रीवास्तव भी कारोबार से जुड़ा है। घटना के बाद इलाके में सन्नाटा छा गया और परिचितों में शोक का माहौल है।
READ MORE






