एक्सीडेंट का झांसा देकर पति का दोस्त महिला को साथ ले गया, दो हफ्ते तक यौन शोषण, बेचने की कोशिश
पति के दोस्त पर अपहरण, नशीला पदार्थ पिलाने, जेवर लेकर फरार होने का आरोप, कोलकाता में कमरे में बंद रखकर यौन शोषण का दावा, सहजनवां के होटल में भी वारदात का आरोप, पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को दबोचा

गोरखपुर, 6 जुलाई 2026:
गोरखपुर में पति के एक्सीडेंट का झांसा देकर एक महिला को कोलकाता ले जाने, वहां कई दिनों तक यौन शोषण करने और बाद में गोरखपुर लाकर भी दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीपीगंज थाना पुलिस ने महिला की तहरीर पर अपहरण, दुष्कर्म और मारपीट समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी शैलेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि चिलुआताल में रहने वाला शैलेश यादव उसके पति का दोस्त है और पड़ोसी गांव का रहने वाला है। उसका आरोप है कि 29 मई को आरोपी ने सूचना दी कि मानीराम में उसके पति का सड़क हादसा हो गया है। इलाज के लिए सोने-चांदी के जेवर साथ ले चलने की बात कहकर वह उसे अपने साथ ले गया।
महिला का कहना है कि रास्ते में महेसरा पुल के पास पानी पिलाने के बहाने आरोपी ने उसे नशीला पदार्थ पिला दिया। होश आने पर उसने खुद को कोलकाता के एक अज्ञात कमरे में बंद पाया। आरोप है कि वहां करीब दो सप्ताह तक आरोपी ने उसके साथ बार-बार यौन शोषण किया। इस दौरान उसे बेचने की कोशिश भी की गई। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई और मारपीट भी की गई।
महिला ने बताया कि बाद में आरोपी उसे घर छोड़ने की बात कहकर गोरखपुर लाया और सहजनवां के एक होटल में ठहराया। आरोप है कि वहां भी उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसी दौरान महिला किसी तरह अपने पति से संपर्क करने में सफल हो गई। सूचना मिलने पर पति होटल पहुंचा और उसे अपने साथ घर ले आया।
इस मामले में पहले महिला के पति ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। महिला के वापस लौटने के बाद 19 जून को नई तहरीर दी गई। इसके आधार पर पुलिस ने अपहरण, दुष्कर्म और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। सीओ कैंपियरगंज अनुराग कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में मिले साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






