Ayodhya

चढ़ावा चोरी प्रकरणः परमहंस बोले- अफवाहों के आधार पर न हो कार्रवाई, नृत्य गोपाल दास ने तोड़ी चुप्पी

ट्रस्ट की बैठक में चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर होना है फैसला, विपक्ष लगातार हमलावर, जगद्गुरु ने पत्र व वीडियो किया जारी, कुछ संत कर रहे ट्रस्ट के महासचिव का समर्थन

अनिल निषाद

अयोध्या, 6 जुलाई 2026ः

राम मंदिर चढ़ावा चोरी को लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा और गोपाल राव राजनीतिक दलों, संगठनों व श्रद्धालुओं के निशाने पर हैं। वहीं, अयोध्या के कुछ संत चंपय राय के समर्थन में सामने आए हैं। ट्रस्ट की आज होने वाली बैठक में इन लोगों पर कार्रवाई होने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में बैठक से पहले जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास को पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच की अपील की। उन्होंने एक वीडियो भी जारी किया है। उधर, महंत नृत्य गोपाल दास ने चढ़ावा प्रकरण में पहली बार अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पत्र जारी कर कहा कि जिसने भी यह पाप किया है, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।

परमहंस आचार्य ने कहा कि जिन लोगों के खिलाफ केवल अफवाहें फैलाई जा रही हैं और जिनके विरुद्ध कोई ठोस प्रमाण नहीं है, उन्हें ट्रस्ट से निष्कासित करना उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि यदि बिना जांच और केवल आरोपों के आधार पर किसी निर्दोष व्यक्ति पर कार्रवाई की जाती है तो इससे गलत परंपरा स्थापित होगी और अफवाह फैलाने वालों का मनोबल बढ़ेगा। कहा कि यदि निर्दोष लोगों को ही दोषी मानकर कार्रवाई की गई तो समाज में यह संदेश जाएगा कि अफवाह फैलाने वाले ही सही थे।

उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को ही ‘चोर’ कहा जाएगा, जिससे न केवल संबंधित व्यक्तियों की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचेगा, बल्कि सनातन धर्म व राम मंदिर से जुड़े करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाएं भी आहत होंगी। परमहंस ने ट्रस्ट से आग्रह किया कि किसी भी प्रकार का निर्णय लेने से पहले निष्पक्ष जांच, तथ्यों और साक्ष्यों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि जल्दबाजी में लिया गया कोई भी फैसला सनातन धर्म की छवि को नुकसान पहुंचा सकता है।

उधर, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने पत्र जारी कर इस घटना पर गहरा दुख जताया। कहा कि इस चोरी से वे बेहद आहत हैं। उन्होंने पत्र में कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर पूरा विश्वास है कि इस मामले में शामिल हर दोषी को कानून के अनुसार कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। कहा कि यह केवल चोरी का मामला नहीं, बल्कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था से जुड़ा विषय है। ऐसे में किसी भी व्यक्ति को अपने निजी या राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस मुद्दे का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
ayodhya-ram-mandir-donation-row-champat-rai-nritya-gopal-das-trust-meeting (2)

महंत नृत्य गोपाल दास का पत्र सामने आने के बाद यह चर्चा भी शुरू हो गई थी कि वह बैठक में शामिल नहीं होंगे। हालांकि, उनके उत्तराधिकारी कमलनयन दास ने स्पष्ट किया कि ट्रस्ट अध्यक्ष बैठक में मौजूद रहेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पत्र जारी किए जाने की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। बैठक में चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा को भी बुलाया गया है। बैठक में चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर फैसला लिया जाएगा। इस बीच बैठक को देखते हुए राम मंदिर परिसर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। मुख्य प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button