राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 24 अप्रैल 2026:
नारी शक्ति वंदन कानून को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच तनातनी तेज हो गई है। शुक्रवार को देहरादून में जन आक्रोश महिला पद यात्रा के जरिए भाजपा ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं सड़कों पर उतरीं और शक्ति प्रदर्शन किया।
सुबह से ही परेड ग्राउंड में महिलाओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। यहां हुई सभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आजादी के बाद लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद कांग्रेस ने महिलाओं को उनका हक देने की गंभीर कोशिश नहीं की। उनका आरोप था कि परिवारवादी राजनीति करने वाली पार्टियां नहीं चाहतीं कि आधी आबादी को बराबरी का अधिकार मिले।

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण जैसे अहम फैसले को भी इन पार्टियों ने अपने राजनीतिक फायदे के लिए रोके रखा। धामी ने यह भी कहा कि अब हालात बदल चुके हैं और महिलाएं खुद अपने हक के लिए आगे आ रही हैं। उन्होंने कांग्रेस पर भ्रम फैलाने और झूठ के जरिए सफाई देने का आरोप लगाया।
सभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, टिहरी सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, कैंट विधायक सविता कपूर, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, विनोद उनियाल, मधु भट्ट समेत कई नेताओं ने अपने विचार रखे। सभा के बाद मुख्यमंत्री के नेतृत्व में महिला पद यात्रा शुरू हुई।
रैली परेड ग्राउंड से निकलकर एस्लेहाल चौक, गांधी पार्क, घंटाघर, दर्शनलाल चौक होते हुए फिर वापस परेड ग्राउंड पहुंचकर खत्म हुई। इस दौरान नारी सम्मान की झूठी कहानी, कांग्रेस की आदत पुरानी आदि स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर महिलाएं नारे लगातीं रहीं।






