Gorakhpur News : शिक्षिका की हरकत से स्कूल के नाम पर रोने लगता है मासूम, पिता ने दर्ज कराया केस
3 साल के बच्चे को बालों से पकड़कर नोचा, CCTV फुटेज देखने के बाद टीचर, प्रिंसिपल के खिलाफ FIR

गोरखपुर, 25 अक्टूबर 2026:
यूपी के गोरखपुर में शाहपुर क्षेत्र स्थित एक प्लेवे स्कूल की शिक्षिका पर 3 साल के बच्चे को थप्पड़ मारने, बाल खींचने और सिर पर नाखून से नोचने का आरोप लगा है। बच्चे के पिता अतुल सिंह ने इस मामले में शाहपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने CCTV फुटेज की जांच के बाद स्कूल की टीचर नैन्सी और प्रिंसिपल के खिलाफ FIR दर्ज की है। अतुल सिंह का कहना है कि घटना के बाद से उनका बेटा स्कूल जाने का नाम सुनते ही रोने और चीखने लगता है।
जुलाई में कराया था बेटे का एडमिशन
अतुल सिंह के मुताबिक, उन्होंने जुलाई में अपने छोटे बेटे गौरांग का किड्स प्लेवे स्कूल में एडमिशन कराया था। कुछ दिन पूर्व स्कूल से उनके पास वीडियो कॉल आया। शिक्षिका ने बताया कि बच्चा खाना नहीं खा रहा है। अतुल का आरोप है कि वीडियो कॉल के दौरान उनका बेटा कांपते हुए रो रहा था और उसके मुंह में जबरन रोटी ठूंसने की कोशिश की गई।
स्कूल पहुंचकर बेटे को घर ले आए पिता
वीडियो कॉल आने के बाद परिजन स्कूल पहुंचे और बच्चे को घर ले आए। घर पहुंचने पर बेटे ने बताया कि शिक्षिका ने उसके साथ मारपीट की है। उन्होंने बच्चे के सिर पर नाखून से नोचने के निशान भी देखे। अतुल के मुताबिक, घटना के बाद से बच्चा काफी डरा हुआ है। स्कूल का नाम लेते ही रोने और चीखने लगता है। बेटे की इस हालत को देखकर उन्होंने मामले की जांच कराने का फैसला किया।
CCTV फुटेज में थप्पड़ मारने का आरोप
अतुल सिंह ने बताया कि अगले दिन वह स्कूल पहुंचे और CCTV फुटेज देखा। उनके मुताबिक, फुटेज में शिक्षिका बच्चे को थप्पड़ मारते और बाल पकड़कर खींचते हुए दिखाई दीं। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षिका ने बच्चे के सिर को नाखूनों से भी नोचा। इसके बाद उन्होंने स्कूल के प्रिंसिपल से मुलाकात कर एक महीने का CCTV फुटेज देने की मांग की। आरोप है कि इस पर प्रिंसिपल ने नाराजगी जताई और फुटेज देने से इनकार कर दिया। अतुल का कहना है कि शिक्षिका दूसरे बच्चों के साथ भी मारपीट करती हैं। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच करने की मांग की है।
टीचर और प्रिंसिपल के खिलाफ FIR
अतुल सिंह की शिकायत के बाद शाहपुर पुलिस ने स्कूल जाकर CCTV फुटेज की जांच की। इसके बाद शनिवार रात शिक्षिका नैन्सी और प्रिंसिपल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। शाहपुर थाना प्रभारी अंजय सिंह के मुताबिक, CCTV फुटेज की जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अतुल सिंह का कहना है कि यह मामला सिर्फ उनके बेटे की सुरक्षा का नहीं, बल्कि स्कूल में पढ़ने वाले दूसरे बच्चों की सुरक्षा से भी जुड़ा है।






