Gorakhpur

सीएम ने सौंपा एसटीपीआई सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क, कहा…युवाओं को मिलेगा अवसरों का मंच

गोरखपुर के गीडा क्षेत्र में हुआ लोकार्पण, पूर्वी यूपी के युवाओं को मिलेगा प्लग एंड प्ले सुविधा

हरेंद्र धर दुबे

गोरखपुर, 26 मार्च 2026:

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) में सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) के गोरखपुर सेंटर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी विकास की गति को कई गुना तेज कर सकती है और युवाओं की प्रतिभा को सही दिशा में आगे बढ़ाने का अवसर देती है।

सीएम ने कहा कि गीडा में विकसित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क 3.5 एकड़ क्षेत्र में फैला है, 20 करोड़ रुपये की लागत से बना है। इसमें 50 सीटर प्लग एंड प्ले कार्यक्षेत्र, 6,000 वर्गफुट रॉ और सेमी फर्निश्ड इंक्यूबेशन स्पेस, 54 सीट वाला ऑडिटोरियम, अत्याधुनिक कांफ्रेंस रूम, कैफेटेरिया और हाई-स्पीड इंटरनेट जैसी सुविधाएं हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में युवाओं को सक्षम बनाने और उनके स्केल को स्किल में बदलने के लिए कई कार्यक्रम शुरू किए गए हैं, और गोरखपुर का एसटीपीआई केंद्र इसके अहम भाग के रूप में काम करेगा।

WhatsApp Image 2026-03-26 at 3.28.00 PM

मुख्यमंत्री ने बताया कि एसटीपीआई गोरखपुर सेंटर स्टार्टअप चलाने वाले युवाओं को कंप्यूटर लेकर आने की सुविधा देगा। यहां उन्हें जगह, विद्युत और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। प्लग एंड प्ले मॉडल के तहत युवाओं को अपने स्टार्टअप के लिए प्लेटफार्म मिलेगा, जिससे उन्हें जल्दी और सरल तरीके से उद्यमिता शुरू करने का अवसर मिलेगा।

सीएम ने यह भी घोषणा की कि 15 अप्रैल को गोरखपुर में पूर्वी उत्तर प्रदेश का पहला सेंटर ऑफ एक्सीलेंस महाराणा प्रताप इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमपीआईटी) में खुलेगा। इसके माध्यम से सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर दोनों क्षेत्रों में युवा वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना पाएंगे।

सीएम ने गोरखपुर के मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) में ग्रीन हाइड्रोजन एनर्जी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की जानकारी दी, जिसके लिए 50 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा, राज्य के विभिन्न जिलों में आईटी, मेडिटेक, रोबोटिक्स, ड्रोन टेक्नोलॉजी और एग्रीटेक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए जा रहे हैं।

सीएम ने सेंटर का निरीक्षण किया और स्टार्टअप करने वाले युवाओं से बातचीत कर उनके नवाचारों के बारे में जानकारी ली। उद्घाटन समारोह में सांसद रविकिशन शुक्ल, गोरखपुर के विधायक प्रदीप शुक्ल, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के राज्यमंत्री अजीतपाल सिंह, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, एसटीपीआई महानिदेशक अरविंद कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button