Lucknow City

LDA का बुलडोजर गरजा… 25 बीघे की 5 अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, माफियाओं में मचा हड़कंप

लखनऊ के सैरपुर इलाके में हुआ एक्शन, करोड़ों की अवैध कॉलोनियों और निर्माणों पर लगातार कार्रवाई, चिनहट, गोसाईंगंज, मोहनलालगंज और काकोरी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण

लखनऊ, 19 मई 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) का बुलडोजर अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। शहर के अलग-अलग इलाकों में प्रवर्तन टीमें ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रही हैं। इससे भूमाफियाओं और अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मचा हुआ है।

इसी क्रम में एलडीए की टीम ने सैरपुर थाना क्षेत्र में बड़ा अभियान चलाते हुए लगभग 25 बीघा क्षेत्रफल में विकसित की जा रही 5 अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार के मुताबिक ग्राम शेरपुर, कमलाबाद, बौरूमऊ, डुग्गौर और रैथा रोड पर संयुक्त कार्रवाई की गई। यहां स्वपनील दीक्षित, अवधेश सिंह, वंशराज यादव, विक्रम, राजेश वर्मा समेत अन्य लोगों द्वारा बिना स्वीकृति अवैध प्लॉटिंग कराई जा रही थी। इसे जेसीबी चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।

WhatsApp Image 2026-05-19 at 8.15.37 AM

इससे पहले एलडीए की प्रवर्तन टीम ने चिनहट क्षेत्र के ग्राम जुग्गौर में भी बड़ी कार्रवाई की थी। यहां हसनैन खान प्रॉपर्टीज, विजय यादव, प्रदीप व अन्य द्वारा करीब 25 बीघा में विकसित की जा रही तीन अवैध प्लॉटिंग साइटों पर बुलडोजर चलाया गया।
वहीं सैरपुर के अल्लूनगर डिगुरिया, मथुरा विहार और रैथा रोड पर बिना मानचित्र स्वीकृति कराए जा रहे तीन अवैध व्यावसायिक निर्माणों को भी सील कर दिया गया। इन निर्माणों में रामेश्वर यादव, अजय गुप्ता और मोहम्मद आकिब रईस समेत कई लोगों के नाम सामने आए हैं।

एलडीए अधिकारियों का साफ कहना है कि राजधानी में अवैध निर्माण, अवैध कॉलोनियों और नियम विरुद्ध प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इससे पहले भी चिनहट, गोसाईंगंज, मोहनलालगंज और काकोरी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा चुकी है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button