Lucknow City

लखनऊ में आलीशान घर का मौका! LDA बनाएगा 646 लग्जरी फ्लैट्स, कीमत सुन निजी बिल्डर्स के छूटेंगे पसीने

गोमतीनगर के विराज खंड में 19 मंजिला ‘लेक व्यू अपार्टमेंट’ परियोजना लॉन्च, 1.13 करोड़ में मिलेगा 2340 वर्गफीट का प्रीमियम फ्लैट, आज से शुरू हुए रजिस्ट्रेशन

लखनऊ, 19 मई 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में अपना आलीशान आशियाना तलाश रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने गोमतीनगर के विराज खंड में भव्य लेक व्यू अपार्टमेंट परियोजना लॉन्च कर दी है। इस प्रीमियम प्रोजेक्ट में 646 लग्जरी फ्लैट बनाए जाएंगे। इनमें आधुनिक सुविधाओं के साथ हाई-एंड लाइफस्टाइल का अनुभव मिलेगा।

खास बात यह है कि एलडीए ने इन फ्लैटों की कीमत निजी बिल्डर्स की तुलना में काफी कम रखी है। इससे रियल एस्टेट बाजार में हलचल तेज हो गई है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार की ओर से जारी आदेश के अनुसार फ्लैटों के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया आज से 18 जून 2026 तक चलेगी।आवेदन केवल एलडीए की वेबसाइट के माध्यम से ही किए जा सकेंगे। सामान्य वर्ग के आवेदकों को फ्लैट की अनुमानित कीमत का 5 प्रतिशत और आरक्षित वर्ग को 2.5 प्रतिशत पंजीकरण शुल्क जमा करना होगा।

फ्लैटों का आवंटन पूरी तरह पारदर्शी लॉटरी प्रणाली के जरिए किया जाएगा। यह परियोजना गोमतीनगर के बेहद प्राइम लोकेशन विराज खंड में विकसित की जाएगी। यहां से शहीद पथ, गोमतीनगर रेलवे स्टेशन, अवध बस स्टेशन, सिनेपॉलिस मॉल, अस्पताल और नामी स्कूल कुछ ही मिनटों की दूरी पर होंगे। इतना ही नहीं अपार्टमेंट के पास स्थित झील क्षेत्र को भी एंटरटेनमेंट जोन और जॉगिंग ट्रैक के रूप में विकसित किया जाएगा।

WhatsApp Image 2026-05-19 at 8.18.03 AM

इससे यह इलाका और अधिक आकर्षक बन जाएगा। एलडीए के अनुसार लेक व्यू अपार्टमेंट में 19 मंजिल के तीन विशाल टावर बनाए जाएंगे। इनकी ऊंचाई करीब 60 मीटर होगी। सभी फ्लैट 3 बीएचके प्लस सर्वेंट रूम श्रेणी के होंगे और उनका सुपर एरिया लगभग 2340 वर्गफीट होगा।

हर फ्लैट की कीमत करीब 1.13 करोड़ रुपये तय की गई है। सोसाइटी में स्वीमिंग पूल, क्लब हाउस, किड्स प्ले एरिया, पावर बैकअप और 1000 से ज्यादा वाहनों की पार्किंग जैसी सुविधाएं भी होंगी। साथ ही लोगों की व्यावसायिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कॉमर्शियल दुकानों का भी निर्माण किया जाएगा।

एलडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि लगभग 760 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है जबकि पांच वर्षों के भीतर आवंटियों को फ्लैट का कब्जा देने की योजना है। आवंटियों को 36 महीनों की आसान किश्तों में भुगतान की सुविधा मिलेगी, जबकि 45 से 90 दिनों में पूरा भुगतान करने पर 4 से 6 प्रतिशत तक की छूट भी दी जाएगी।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button